जनपद बिजनौर के थाना क्षेत्र अफजलगढ़ के एक गाँव में बारातियों के मस्जिद के सामने से जाने को लेकर हुए विवाद में दो लोग घायल हो गए। पीड़ित ने छह लोगों को नामजद कराते हुए 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र अफजलगढ़ के गाँव रसूलपुर निवासी बेगराज सिंह की ओर से पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गयी है। पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गयी रिपोर्ट में बताया गया है कि शुक्रवार को उसकी पुत्री की शादी थी। देर रात को लगभग साढ़े दस बजे बाराती खाना खाने के बाद आराम करने के लिए धर्मशाला की ओर जा रहे थे। बाराती जब गांव में स्थित सुनहरी मस्जिद के पास पहुंचे वहां पहले से मौजूद 12 लोगों ने रास्ता रोक लिया तथा मस्जिद के सामने से जाने से मना करने लगे। कारण पूछने पर पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में बब्बू उर्फ धर्मवीर तथा पवन घायल हो गए। पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस के पंहुचते ही आरोपी गाली-गलौज करते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित ने खालिद, गुलफाम, नजर, इकरार, फरमान तथा सुल्तान को नामजद कराते हुए 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया भी मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। गाँव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सर्किल के शेरकोट तथा रेहड़ थाने की पुलिस को बुला लिया गया। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।