![]() |
मौके पर मौजूद भीड़ व इनसेट मे मृतक दंपत्ति की फाइल फोटो |
कल शनिवार की रात जनपद सम्भल के बनियाठेर थाना क्षेत्र मे घर के बरामदे की छत गिरने पर मलबे मे दबकर बुजुर्ग दंपत्ति की मौत हो गयी। आज रविवार की सुबह दूध देने पहुंचे दूधिया से घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गयी। परिजनो ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही दंपत्ति का अंतिम संस्कार कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव बनियाखेड़ा निवासी शेर मोहम्मद आयु 62 वर्ष व उनकी पत्नी वनारसी आयु 60 वर्ष कल रात अपने घर के बरामदे मे सो रहे थे। पिछले कुछ दिनो से हो रही बरसात के कारण देर रात किसी समय बरामदे की छत भरभराकर गिर गयी और मलबे मे दबकर पति -पत्नी की मौत हो गयी। आज रविवार की सुबह दूध देने पहुंचे दूधिया द्वारा घटना की जानकारी ग्रामीणो को दी गयी। मौके पर जुटे ग्रामीणो ने मलबे को हटाकर पति -पत्नी को बाहर निकाला मगर तब तक दोनो की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणो ने घटना की सूचना दिल्ली मे रह रहे दंपत्ति के पुत्र को दी।
सूचना मिलने पर दोपहर लगभग 12 बजे दिल्ली से पहुंचे दंपत्ति के पुत्र ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए शवो का अंतिम संस्कार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस बिना किसी कार्रवाई के वापस चली गयी। मृतक दंपत्ति के 3 पुत्रिया व एक पुत्र है। सभी की शादी हो चुकी है। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर गयी थी। मृतक दंपत्ति के पुत्र द्वारा कार्रवाई से इंकार कर दिया गया है।