अमरोहा - दरवाजा खोलने आयी विवाहिता पर युवकों ने फेंका तेजाब, हुए गिफ्तार

रिपोर्ट - अमरोहा/उत्तर प्रदेश से जिला प्रभारी घनश्याम शर्मा।

visitor counter
दो युवकों ने घर में मौजूद विवाहिता पर तेजाब फेंक दिया। इसमें उसके साथ पांच साल की बेटी भी झुलस गई। गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

नगर कोतवाली के मुहल्ला छंगा दरवाजा में भगवानदास का परिवार रहता है। भगवानदास पेशे से हलवाई हैं। रात वह वैवाहिक कार्यक्रम में खाना पकाने के लिए गए थे। घर पर पत्नी सुनीता व बच्चे थे। रात लगभग 11 बजे नकाबपोश दो युवक घर के बाहर पहुंचे तथा कुंडी खटखटाई। आवाज सुनकर सुनीता दरवाजे की तरफ आईं तो उनकी पांच साल की बेटी पलक भी साथ आ गई। सुनीता ने दरवाजा खोला तो दोनों युवकों ने उन पर तेजाब फेंक दिया। तेजाब चेहरे व बांह पर गिरा। पलक भी तेजाब गिरने से झुलस गई। घटना को अंजाम देकर आरोपित भाग निकले।

मां- बेटी की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस को सूचना दी तो कोतवाली पुलिस भी आ गई। फौरन ही पुलिस ने झुलसी मां-बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया। भगवानदास भी अस्पताल पहुंच गए। सुनीता ने तेजाब डालने वाले दोनों युवकों की शिनाख्त करने का दावा करते हुए पुलिस को उनके नाम बताए। हालत गंभीर होने पर सुनीता को मेरठ रेफर कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने भगवानदास की तहरीर पर मुहल्ला शाहअली सराय निवासी आकाश व मनीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपित गिरफ्तार कर जेल भेज दिए हैं। बताया कि सालभर पहले आकाश ने भगवानदास के घर चोरी की थी। उस समय भी वह पकड़ा गया था। उसी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया है।

Share on Google Plus