अजीमनगर/जिला रामपुर - मामूली विवाद में 2 पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में कक्षा 12 के छात्र की मौत, 01 घायल, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 17, 2024

अजीमनगर/जिला रामपुर - मामूली विवाद में 2 पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में कक्षा 12 के छात्र की मौत, 01 घायल, मुकदमा दर्ज

www.newsindia17.com
इनसेट में मृतक शानिब की फाइल फोटो 
जिला रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर -ट्राली व कार के आमने सामने आने पर हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई नोंकझोंक से शुरु हुआ ये मामला पथराव व फायरिंग पर जाकर रूका। इस दौरान कक्षा 12 के एक छात्र की गोली लगने पर मौत हो गयी जबकि दूसरा घायल हो गया। इस मामले में मृतक के पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के पिता -पुत्रो समेत 4 नामजद व कई अज्ञात लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

उक्त मामला थाना क्षेत्र के गाँव नगलिया आकिल से जुड़ा है। बताया गया कि 2 दिन पूर्व गाँव निवासी सादिक व नसीम पक्ष के बीच ट्रैक्टर -ट्राली व कार आमने सामने आने के बाद विवाद हो गया था। उस समय कुछ लोगो ने इस विवाद को शांत करा दिया था। कल सोमवार की रात इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष एक बार फिर आमने सामने आ गए। कल सोमवार की देर रात लगभग 11 बजे सादिक पक्ष के कई लोग नसीम के घर पहुँच गए और पथराव और फायरिंग शुरू कर दी। दोनों पक्षों ने बीच हुई फायरिंग में नसीम के पुत्र शानिब आयु 17 वर्ष की गोली लगने पर मौके पर ही मौत हो गयी। इस दौरान बब्बू नाम का एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजने के साथ ही घायल को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी विद्यासागर मिश्र व एडिशनल एसपी ने भी घटनास्थल का निरिक्षण किया व स्थानीय पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। गाँव में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई। किसी अप्रिय घटना को रोकने हेतु गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। थानाध्यक्ष अजीमनगर ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर 4 नामजद व कई अन्य लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

hit counter
अभी तक पाठक संख्या