![]() |
मृतका की फाइल फोटो |
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र से एक महिला की गला रेतकर हत्या किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। महिला का शव आज मंगलवार की सुबह उसके घर मे पड़ा मिला। महिला का पति मौके से फरार था। पुलिस ने महिला के फरार हुए पति के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपा उर्फ़ दीपमाला आयु 30 वर्ष निवासी फतेहगंज पश्चिमी पिछले कुछ समय से अपने पति राजीव के साथ इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मौहल्ला सिद्धार्थनगर में किराये पर रह रही थी। दीपा उर्फ़ दीपमाला नगर निगम में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मकान मालिक ने बताया कि कल सोमवार शाम को राजीव ने उन्हें फोन किया था कि किचन की लाइट नही जल रही है। इसके बाद वह कमरे पर गए थे और आखिरी बार पति पत्नी को सकुशल साथ देखा था। आज सुबह राजीव के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अंदर दीपा का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था। दीपा की ब्लेड से गला रेतकर हत्या की गयी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। एसपी सिटी मानुष पारीक व सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बताया गया कि दीपा की राजीव के साथ दूसरी शादी हुई थी। दीपा का पहला पति बबलू निवासी अशरफ खां छावनी नगर निगम मे सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत था। बबलू की 5 वर्ष पूर्व मौत हो गयी थी। इसके बाद दीपा को मृतक आश्रित के रूप मे नगर निगम मे तैनाती मिली थी। इसी दौरान दीपा मॉडल टाउन निवासी राजीव के संपर्क में आयी थी और दोनो ने शादी कर ली थी। शादी के बाद 18 माह तक दोनों सिद्धार्थ नगर स्थित इसी मकान मे रहे थे। कुछ समय बाद राजीव कपड़े का कारोबार करने दिल्ली चला गया था। दिल्ली से वापस आने पर गत 11 जुलाई को दीपा और राजीव ने फिर से वही कमरा किराए पर लिया था।
![]() |
अभी तक पाठक संख्या |