कल शुक्रवार को जिला बदायूँ के जरीफनगर थाने से हथकड़ी समेत फरार हुए आरोपी को पुलिस ने आज शनिवार की सुबह धर दबोचा। कल शुक्रवार देर शाम आरोपी के थाने से भागने के बाद पुलिस विभाग मे हड़कंप मच गया था। पुलिस आरोपी की तलाश मे जुटी थी और आसपास के होटल, ढाबों और चाय की दुकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने आज शनिवार सुबह आरोपी को पकड़ लिया।
उक्त पूरा मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र के दहगवां चौराहे से जुड़ा है। पाठको को बताना उचित होगा कि सपा नेता लड्डन मियां का एक पेटोल पंप क्षेत्र मे स्थित है। दहगवां के वार्ड संख्या एक निवासी टिकाऊ उर्फ प्रिंस उर्फ मिथुन पर इस पेट्रोल पंप से गैस सिलिंडर चोरी करने का आरोप लगा था। बताया गया कि चोरी करने के बाद आरोपी सिलिंडर को खेत में फेंककर चला गया था। ये पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
इस मामले में पेट्रोल पंप मैनेजर महिपाल ने जरीफनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस आरोपी को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। पूछताछ के दौरान उसे हथकड़ी लगाई गई थी। कल शुक्रवार देर शाम आरोपी ने शौच जाने की बात कही और शौचालय के अंदर चला गया। एक सिपाही हथकड़ी से बंधी रस्सी पकड़े बाहर खड़ा रहा। इसी दौरान आरोपी ने अंदर ही हथकड़ी की रस्सी खोल ली और हथकड़ी पहने हुए शौचालय के रोशनदान से निकलकर फरार हो गया।
काफी देर तक आरोपी के बाहर नहीं आने पर सिपाही ने उसे आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने दरवाजा खटखटाया और फिर लात मारकर दरवाजा खोला। अंदर आरोपी के न मिलने पर पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी के फरार होने की सूचना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के होटलों, ढाबों और चाय की दुकानों पर दबिश दी गई। लगातार तलाश के बाद शनिवार सुबह पुलिस ने आरोपी को दहगवां कस्बे से गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी का नाम थाने की जनरल डायरी में बाकायदा दर्ज नहीं था, बल्कि उसे पूछताछ के लिए लाए जाने का तस्करा दर्ज किया गया था। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि उसे शनिवार सुबह पकड़ लिया गया है। थाने से आरोपी के फरार होने के मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
