मुरादाबाद महानगर के कटघर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न व फोन पर तीन तलाक दिए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले मे विवाहिता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र मे ससुराल पक्ष पर दहेज मे 5 लाख रूपये की मांग करने और मारपीट कर 8 माह के बच्चे के साथ घर से निकालने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि पति ने भी विवाहिता को फोन पर तीन तलाक दे दिया और अब दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है। पीड़िता ने एसएसपी मुरादाबाद और थाना प्रभारी कटघर से शिकायत कर आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्याय दिलाने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटघर थाना क्षेत्र के गांव बरबारा मजरा निवासी गुलबहार का निकाह 17 अप्रैल 2024 को जिला अमरोहा के डिडौली निवासी मोहम्मद कामिल के साथ हुआ था। पीड़िता के मुताबिक निकाह के दौरान उसके परिजनो ने करीब 35 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के लगभग छह महीने बाद ससुराल पक्ष ने दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की, जिसे उसके पिता ने पूरा कर दिया। इसके बावजूद आरोपियों की मांग कम नहीं हुई और पांच लाख रुपये की मांग की जाने लगी।
पीड़िता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत के मुताबिक बीती 3 मार्च को पति ने उसके साथ मारपीट की और उसके गहने छीनकर घर से चला गया। अगले दिन पति ने फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। विवाहिता ने आरोप लगाया कि 5 मार्च को उसकी सास, ससुर, जेठ, जेठानी और ननद ने भी उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उसे आठ माह के बच्चे के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि उसका पति अब दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा है, जबकि उनके वैवाहिक संबंध को लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। अपने और बच्चे के भविष्य को लेकर परेशान विवाहिता ने पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगाई है। फिलहाल पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले में पुलिस जांच की बात सामने आई है। आरोपों की पुष्टि और आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
