प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त हादसा कल रविवार की देर शाम लगभग 6 बजे जिला मुख्यालय संभल से लगभग 40 किलोमीटर दूर स्थित जुनावई थाना क्षेत्र से जुड़ी है। मृतक युवक की शिनाख्त विनेश कुमार पुत्र ओमप्रकाश, निवासी गाँव गुदनी, थाना क्षेत्र बिल्सी के रूप मे हुई है। युवक के परिजनो ने बताया कि विनेश बाहर गया हुआ था। विनेश घर पर आयोजित होने वाले हवन पूजन में शामिल होने के लिए आ रहा था। इसी दौरान नायरा पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मेरठ-बदायूं हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जुनावई थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास बाइक आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस एंबुलेंस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया।
विनेश के बड़े भाई सतवीर सिंह ने बताया कि विनेश अपनी पत्नी रेखा देवी के साथ दिल्ली के खोड़ा क्षेत्र में रहता था। वह एक बैंक में निजी नौकरी करता था, लेकिन कुछ समय पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। उसकी पत्नी अभी भी उसी बैंक में कार्यरत है।
हादसे में विनेश की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी महज दो साल की बेटी दीपांशी ने अपने पिता को खो दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां अपनों की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जुनावई थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में बदायूं निवासी बाइक सवार युवक की मौत हुई है। पहचान होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

