मेरठ महानगर के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र से मकान मालिक व किरायेदार के बीच मकान खाली कराने को लेकर हुए विवाद के बीच महिला अधिवक्ता पर तेजाब फेंके जाने का मामला प्रकाश मे आया है। घटना के बाद महिला अधिवक्ता अपने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर मकान मालिक ने भी महिला अधिवक्ता पर तेजाब फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
महिला अधिवक्ता खुशबू के भाई यश ने बताया कि उनका परिवार वर्ष 2012 से मदन मोहन मालवीय ऊंचा टीला स्थित मुकेश त्यागी के मकान में रह रहा है। यश का दावा है कि कुछ समय पहले मकान खरीदने के लिए मुकेश त्यागी को 15 लाख रुपये भी दिए गए थे। इस संबंध में विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि बुधवार सुबह मुकेश त्यागी पक्ष के कुछ लोग मकान पर पहुंचे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। किराएदार पक्ष का आरोप है कि उनके घर का सामान बाहर फेंक दिया गया और इसी दौरान महिला अधिवक्ता खुशबू पर तेजाब फेंका गया। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
दूसरी ओर, मकान मालिक मुकेश त्यागी का कहना है कि उन्होंने करीब चार साल पहले महेश गुप्ता को मकान में रहने के लिए दिया था। उनके मुताबिक अब मकान खाली नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते बुधवार को वह मकान खाली कराने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद हो गया। मुकेश त्यागी ने भी महिला अधिवक्ता द्वारा तेजाब फेंकने का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने मकान खरीदने के लिए 15 लाख रुपये लेने की बात से इनकार किया। उनका दावा है कि महेश गुप्ता मकान खाली कराने की कार्रवाई के खिलाफ अदालत से स्टे लेने गए थे, लेकिन उन्हें स्टे नहीं मिला।
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कंबोज के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में मामला मकान के किराए, बकाया भुगतान और मकान खाली कराने को लेकर विवाद का सामने आया है। पुलिस को मौके पर पहुंचने के दौरान वहां कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद महिला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, महिला अधिवक्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। हालांकि, तेजाब फेंकने की घटना और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल, मकान के स्वामित्व और कब्जे को लेकर चल रहा विवाद अब गंभीर आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

