मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में पति को दूसरी महिला के साथ कार में घूमते देख विरोध करना एक विवाहिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि पति ने पत्नी पर कार चढ़ाने का प्रयास किया और बोनट पर जा गिरी पत्नी को काफी दूर तक घसीटता ले गया। इसके बाद सड़क पर गिराकर उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने भी प्रयास किया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति और उसकी कथित प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी निवासी सुनीता कल शनिवार शाम किसी काम से हापुड़ रोड से जा रही थी। इसी दौरान उसकी नजर पति मयंक निवासी गांव हसनपुर कला, थाना किठौर पर पड़ी, जो एक महिला के साथ कार में घूम रहा था। सुनीता ने कार रोककर पति से विरोध जताने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान मयंक ने कार रोकने के बजाय सुनीता पर चढ़ाने का प्रयास किया। इस हमले से बचने के दौरान सुनीता कार के बोनट पर जा गिरी। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी और उसे कुछ दूरी तक घसीटता ले गया।
बताया गया कि कुछ दूरी पर सुनीता को सड़क पर गिराने के बाद आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का भी प्रयास किया। इसी बीच पुलिस के पहुंचने पर आरोपी अपनी कथित प्रेमिका के साथ मौके से फरार हो गया।
पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति मयंक और माही वर्मा के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। लोहियानगर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए मयंक और माही वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद कर ली है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |
