जिला बिजनौर की मंडावली पुलिस ने कल मंगलवार की दोपहर स्कूल के बाहर की गयी शिक्षक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था लेकिन कुछ ही समय बाद खुद ही नजीबाबाद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
पाठको को बताना उचित होगा कि मंडावली थाना क्षेत्र के गाँव राहतपुर खुर्द निवासी शिक्षक नौशाद अहमद कल मंगलवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी गौरव राठी आयु 30 वर्ष तमंचा लेकर स्कूल के बाहर पुलिया के पास पहुंचा और उन्हे गोली मार दी थी।आरोप है कि गौरव ने नौशाद पर तीन गोलियां चलाईं थी। इनमें से दो गोलियां शिक्षक को लगीं और वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल नजीबाबाद के एचएमएच अस्पताल पहुंचाया था।जहाँ नौशाद की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया था। परिजन उन्हें लेकर एम्स गए थे जहाँ इलाज के दौरान शाम करीब पांच बजे उनकी मौत हो गई।
उक्त घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गौरव राठी मौके से फरार हो गया था। हालांकि, कुछ समय बाद उसने नजीबाबाद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से दो तमंचे बरामद किये गए थे। थाने पहुंचे आरोपी ने बताया था कि उसने एक व्यक्ति की हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और घटना में इस्तेमाल हथियारों को कब्जे में ले लिया। इस मामले मे खुर्शीदा पत्नी नौशाद अहमद द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
आज बुधवार शाम पुलिस लाइन मे आयोजित प्रेस वार्ता मे उक्त मामले का खुलासा करते हुए एसपी केके विश्नोई ने बताया कि इस हत्या के पीछे का कारण एक युवक और युवती से जुड़ा विवाद है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गौरव गांव निवासी एक युवती को अपनी मुंहबोली बहन मानता था। गौरव ने युवती को गांव के तालिब नामक युवक के साथ बाइक पर घूमते हुए देखा था। इसके बाद उसने युवती के परिजनों को इसकी जानकारी दी। इस बारे मे जानकारी होने पर युवती के परिजनो ने तालिब के परिजनो से बात की थी और युवती से दूरी बनाए रखने को कहा गया था। तालिब ने उस मामले की शिकायत शिक्षक नौशाद अहमद से की थी।
बताया गया कि घटना से करीब चार दिन पहले इसी विवाद को लेकर नौशाद अहमद और गौरव राठी के बीच कहासुनी हुई थी। इस विवाद के दौरान नौशाद ने गौरव को मामले से दूर रहने के लिए कहा था और थप्पड़ भी मार दिया था। इसी घटना के बाद गौरव ने नौशाद से रंजिश पाल ली और कल मंगलवार को इसी रंजिश के चलते उसने शिक्षक पर गोली चला दी।
एसपी केके विश्नोई के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह तालिब और युवती से जुड़े मामले में शिक्षक के समर्थन से नाराज था। पुलिस के मुताबिक इसी नाराजगी और पूर्व विवाद के चलते आरोपी ने नौशाद पर फायरिंग की। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |
