जिला पीलीभीत के पूरनपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ 21 वर्ष पूर्व हुई अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए दो बेटो ने अपने चाचा के साथ मिलकर हत्यारोपी की सरेआम निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों को हिरासत में लिया है, जबकि उनका चाचा अभी फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम बिलहरी निवासी वेदराम और नंदराम के बीच वर्ष 2005 मे घूरे की जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान हुई कहासुनी के बाद नंदराम की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में वेदराम समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। हत्या के मामले में 5 वर्ष की सजा काटने के बाद वेदराम वर्ष 2012 में जेल से बाहर आया था। वेदराम की जेल से रिहाई के बाद भी दोनों परिवारों के बीच तनाव बना रहा। इसी पुरानी रंजिश को आज मंगलवार को की गयी वेदराम आयु 48 वर्ष की हत्या का कारण माना जा रहा है।
आज मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे वेदराम रोजाना की तरह घर से टहलने के लिए निकले थे। इस दौरान नंदराम के घर के सामने पहुंचने पर वहां मौजूद रामदेव और श्यामदेव ने अपने चाचा श्रीदेव के साथ उन्हें घेर लिया।बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वेदराम को संभलने का मौका नहीं दिया और बांके से उनके सिर तथा शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वेदराम मौके पर ही गिर पड़े। हमले के बाद तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
वेदराम की हत्या की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम के साथ एएसपी हिमांशु गौरव भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इस मामले मे वेदराम के परिजनों की ओर से आठ लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। पुलिस ने नंदराम के बेटों रामदेव आयु 28 वर्ष और श्यामदेव 27 वर्ष को हिरासत में लिया है। वहीं उनके चाचा श्रीदेव आयु 50 वर्ष समेत अन्य नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीओ पूरनपुर विधि भूषण मौर्य के मुताबिक, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश में हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मृतक वेदराम किसान थे। उनके परिवार में पत्नी माधुरी देवी, दो बेटियां पुष्पा और अनीता तथा बेटा सौरभ है। बड़ी बेटी पुष्पा की शादी हो चुकी है। चार भाइयों में वेदराम दूसरे नंबर पर थे। उनका घर नंदराम के घर से करीब 400 मीटर की दूरी पर बताया गया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

