Uttarakhand: जोशीमठ के निकट हेलिकॉप्टर क्रैश, विमान में सवार थे 6 लोग - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अक्टूबर 30, 2026

Uttarakhand: जोशीमठ के निकट हेलिकॉप्टर क्रैश, विमान में सवार थे 6 लोग

इंटरनेट डेस्क। उत्तराखंड में जोशीमठ और बद्रीनाथ के बीच आज एक विमान हादसा हुआ है। यहां पर एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। इसमें पायलट सहित 6 लोग सवार थे। सेना और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के पास हेलिकॉप्टर क्रैश होने की पुष्टि कर दी है।  खबरों के अनुसार, दुर्घटना का शिकार हुए इस हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ान के दौरान इसका संपर्क टूट गया।

इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर हेलिकॉप्टर की लोकेशन मिलनी बंद हो गई। दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद  पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गई हैं। हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की स्थिति का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। खराब मौसम के बीच प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हैं। बताया जा रहा है कि  हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड है। हेलिकॉप्टर में पायलट कैप्टन हिमांशु के अलावा 5 यात्री  प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज सवार थे। 

ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं: धामी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एक्स के माध्यम से बताया कि चाई गांव, जोशीमठ के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।  स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार हेतु हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।

PC: webdunia