उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। जनपद के शाही थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपनी सास व 3 जेठो पर दहेज की मांग पूरी न होने पर कमरे मे बंद कर मारपीट करने व जिन्दा जलाने के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
आनंदपुर की गोटिया गाँव निवासी नीरज पुत्री प्रेमशंकर ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसकी शादी करीब 4 वर्ष पूर्व छोटा बसावनपुर निवासी सुरेंद्र पुत्र रामेश्वर दयाल के साथ हुई थी। नीरज का कहना है कि शादी के समय उसके पिता ने अपनी आर्थिक हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी गई। पीड़िता के अनुसार उसकी सास सोमवती और जेठ हर सहाय, खूबकरन व विजेंद्र उस पर मायके से मोटरसाइकिल और अन्य कीमती सामान लाने का दबाव बनाते थे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
नीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कल शनिवार की शाम करीब चार बजे ससुराल वालों ने उसे एक कमरे में बंद कर मुंह में कपड़ा ठूंसकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इतना ही नही उसे जलाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। पीड़िता के मुताबिक वह किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही।
मामले में शाही थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर सास सोमवती और तीन जेठों हर सहाय, खूबकरन व विजेंद्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक ओमपाल सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
