डिडौली/अमरोहा - गाँव निवासी महिला ने किशोरी को नोयडा ले जाकर बेचा, एक युवक से करा दी शादी, पुलिस जांच में जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, जून 23, 2024

डिडौली/अमरोहा - गाँव निवासी महिला ने किशोरी को नोयडा ले जाकर बेचा, एक युवक से करा दी शादी, पुलिस जांच में जुटी

www.newsindia17

जनपद अमरोहा की एक गाँव निवासी महिला द्वारा किशोरी को साथ ले जाकर बेच दिए जाने व जबरन शादी करा दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता द्वारा इस मामले की जानकारी अपनी बहन को दिए जाने पर मामला उजागर हुआ। पीड़िता की बहन ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई किये जाने की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार डिडौली थाना क्षेत्र के एक गाँव निवासी किसान की 2 पुत्रियाँ है। किसान की पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। वर्तमान में सौतेली माँ ही दोनों बेटियों का पालन पोषण कर रही है जबकि किसान की भी मौत हो चुकी है। आरोप है कि गत 14 अप्रैल को गाँव निवासी एक महिला किसान की बड़ी पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गयी और नोयडा के एक युवक को बेच दिया। इतना ही नहीं महिला ने किशोरी की युवक के साथ शादी भी करा दी। अब किशोरी द्वारा अपनी छोटी बहन को फोन कर मामले की जानकारी दी गयी। किशोरी के साथ हुई घटना के बारे में जानकर गाँव वाले भी दंग रह गए।


रविवार को डिडौली कोतवाली पहुँची पीड़िता की बहन ने तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई किये जाने व बहन को वापस दिलाने की गुहार लगाई है। सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि पीड़िता की बहन द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिस किशोरी की शादी कराये जाने का मामला बताया गया है उसके बयानों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। 

hit counter
अभी तक पाठक संख्या