अफजलगढ़/जिला बिजनौर - देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पशु चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, चोरी की गयी दो भैंस व अवैध हथियार बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, सितंबर 18, 2026

अफजलगढ़/जिला बिजनौर - देर रात हुई मुठभेड़ के बाद पशु चोर गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, चोरी की गयी दो भैंस व अवैध हथियार बरामद

afzalgarh-bijnor-late-night-encounter-after-animal-thief-gang-3-members-arrested-two-stolen-buffaloes-and-illegal-weapons-recovered
जिला बिजनौर की अफजलगढ़ पुलिस ने कल गुरुवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद भैंस चोरी के एक मामले मे वाँछित 3 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल व दो आरोपी गोली लगने पर घायल हुए है। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से चोरी की गयी दो भैंस, एक पिकअप वाहन और अवैध हथियार बरामद किये है। मुठभेड़ के दौरान घायल हुए दोनो आरोपियो व कांस्टेबल को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।

पाठको को बताना उचित होगा कि अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के मोहल्ला बेगम सराय निवासी इकरामुद्दीन पुत्र जलील अहमद ने गत 16 सितंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि बदमाश उनके मकान के गेट का ताला तोड़कर दो भैंस चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

इसी तलाशी के दौरान कल गुरुवार देर रात हरेवली मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की जाँच कर रही पुलिस टीम को सूचना मिली कि भैंस चोरी के उक्त मामले मे प्रयुक्त पिकअप वाहन भैंसो को लेकर इसी मार्ग से गुजरने वाला है। मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गयी और निगरानी बढ़ा दी। कुछ देर बाद एक पिकअप वाहन आता देख पुलिस टीम ने उसे रोकने का इशारा किया। पुलिस टीम को मौजूद देख पिकअप चालक ने गति बढ़ा दी और वाहन को बिरला फार्म की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर मोड़ दिया। इस मार्ग पर कुछ दूर जाने पर पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और उसमें सवार आरोपी वाहन छोड़कर भागने लगे।

पुलिस का दावा है कि भागते समय आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा मे जवाबी कार्रवाई की और गोली चलाई। पुलिस द्वारा की गयी फायरिंग मे दो आरोपी घायल हो गए। वहीं तीसरे आरोपी को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल मोहित के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।

घायल आरोपियों की पहचान साकिब निवासी रुड़की, हरिद्वार और इरशाद निवासी कांठ के रूप में हुई है, जबकि गिरफ्तार किए गए तीसरे आरोपी की पहचान शहजाद निवासी हरिद्वार के रूप में हुई। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी अफजलगढ़ भेजा गया। वहीं शहजाद को पुलिस ने हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गयी दो भैंस, घटना में इस्तेमाल पिकअप गाड़ी, दो देशी तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शामिल साकिब के खिलाफ थाना सिविल लाइंस डक, हरिद्वार में गैंगस्टर एक्ट और गौवध अधिनियम से संबंधित मामले पहले से दर्ज हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की थी। इस दौरान दो बदमाश घायल हुए और एक कांस्टेबल भी घायल हो गया। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 
conter12
अभी तक पाठक संख्या