![]() |
| मृतक दंपत्ति की फाइल फोटो व विलाप करते परिजनो के अतिरिक्त दिखाए गए शव एआई जनरेटेड है। |
कल सोमवार की सुबह लकड़ी काटने घर से निकले दंपत्ति के शव आज मंगलवार की सुबह जंगल मे पड़े मिलने पर हड़कंप मच गया। महिला का शव नदी मे पड़ा मिला जबकि उसके पति का शव लगभग 1 किलोमीटर दूर पेड़ से लटका हुआ बरामद हुआ। परिजनो ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र मे मिले खून के निशान, चप्पल और दरांती देख कल सोमवार को ही किसी अनहोनी की आशंका जताई थी। पुलिस ने शवो को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
उक्त मामला बिजनौर जिला मुख्यालय से लगभग 6 किलोमीटर दूर जलालपुर काजी गाँव से जुड़ा है। बताया गया कि गाँव निवासी देशराज उर्फ़ छोटे आयु 40 वर्ष लकड़ी काटने का काम करता था। देशराज और उसकी पत्नी सुषमा आयु 37 वर्ष कल सोमवार की सुबह नहर की पटरी पर लकड़ी काटने गए थे। परिजनो ने बताया कि पति -पत्नी गत 3 दिनो से इसी क्षेत्र मे लकड़ी काटने जा रहे थे। देर शाम तक भी दंपत्ति के वापस न आने पर परिजनो को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें घटनास्थल के आसपास खून के निशान, चप्पल और दरांती पड़ी मिली। ये सब देख उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस और परिवार के लोगों ने आसपास के इलाके में देर रात तक तलाश की, लेकिन दंपत्ति का कोई सुराग नहीं मिला।
आज मंगलवार सुबह पुलिस व परिजनों ने दोबारा दंपत्ति की तलाश शुरू की। इस दौरान करीब 10 बजे देशराज का शव एक पेड़ से लटका हुआ मिला। बताया गया कि उसके गले में बाइक की क्लच वायर का फंदा था और शरीर पर पत्नी की सलवार थी। वहीं, कुछ दूरी पर नदी में सुषमा का शव भी पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक, सुषमा का शव अर्धनग्न अवस्था में था और पैर दुपट्टे से बंधे हुए थे। दोनों शवों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है।
देशराज की बहन मोनी ने इस घटना को हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए है। मोनी का कहना है कि सुषमा के शव की स्थिति सामान्य नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि शव को पानी से बाहर निकालने के बाद खून भी निकल रहा था। परिजनों का कहना है कि परिस्थितियां आत्महत्या की बजाय हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। देशराज की बेटी कशिश ने बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उसके माता-पिता घर से लकड़ी काटने के लिए निकले थे। बाद में दोनों के शव मिलने की सूचना परिवार को मिली।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी सिटी के अनुसार पति-पत्नी के शव मिले हैं। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

