नहटौर/जिला बिजनौर - दहेज प्रताड़ना और मारपीट के मामले मे एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज, पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 22, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - दहेज प्रताड़ना और मारपीट के मामले मे एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज, पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

nahtaur-bijnor-dowry-harassment-assault-case-fir-registered-on-sp-order-victim-serious-allegations
जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किये जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


थाना क्षेत्र के गाँव नारायणपुर निवासी अनुति ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसकी शादी 27 फरवरी 2020 को राशुल कुमार, निवासी गाँव अखलासपुर, थाना क्षेत्र हल्दौर के साथ हुई थी। बताया गया कि शादी के समय अनुति के परिजनो ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार करीब 12 लाख रूपये खर्च किये थे। इस खर्च मे 2 लाख रूपये नकदी भी शामिल थी। आरोप है कि इस सबके बाद भी शादी के कुछ समय बाद ही पति व सास पुष्पा देवी, ससुर हरि सिंह, ननद शालिनी, दादा बलराम सिंह, दादी सुदेशना देवी और चचेरे ससुर ओमपाल सिंह ने अतिरिक्त दहेज की मांग करनी शुरू कर दी थी। पीड़िता के मुताबिक ससुराल पक्ष की ओर से कार और दो लाख रुपये नकद की मांग की जाती थी और उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था।


आरोप है कि समय के साथ अनुति द्वारा एक बेटी को जन्म दिए जाने के  बाद से ससुराल पक्ष के सदस्य उसे और अधिक प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता के अनुसार बेटी के जन्म को लेकर भी उसे ताने दिए गए और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर दबाव बनाया जाता रहा। आरोप है कि इसी सबके चलते ससुराल पक्ष के सदस्य एक दिन उसके कमरे में पहुंचे और गाली-गलौज व मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। अनुति के अनुसार इस घटना के बाद उसका पति उसे और उसकी बेटी को मायके छोड़ गया। आरोप है कि पति ने स्पष्ट कहा कि दहेज की मांग पूरी न होने पर वह उसे वापस नहीं ले जाएगा।


पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक बिजनौर से मामले की शिकायत कर कार्रवाई और न्याय की मांग की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार शाम स्थानीय पुलिस ने शिकायत के आधार पर ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल किशन अवतार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

counter
अभी तक पाठक संख्या