शीशगढ़/जिला बरेली - नाबालिग से दुष्कर्म के मामले मे पंचायत का अजीबोगरीब फरमान, आरोपी और पीड़िता की शादी कराने का दिया आदेश, मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, सितंबर 22, 2026

शीशगढ़/जिला बरेली - नाबालिग से दुष्कर्म के मामले मे पंचायत का अजीबोगरीब फरमान, आरोपी और पीड़िता की शादी कराने का दिया आदेश, मुकदमा दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

https://newsindia17.com/sheeshgarh-bareilly-minor-rape-case-panchayat-marriage-order-accused-arrested

जिला बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ नाबालिग से दुष्कर्म के मामले मे गाँव की पंचायत द्वारा दिए गए फैसले ने सभी को हैरान कर दिया। गाँव की पंचायत ने आरोपी के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करने के स्थान पर अजीब फैसला सुनाया। पंचायत ने अपने फैसले मे कहा कि किशोरी के बालिग़ होने पर उसकी शादी आरोपी युवक के साथ करा दी जाएगी। पंचायत के इस फैसले के बाद कल सोमवार को किशोरी की गोद भराई और आरोपी युवक के तिलक की रस्म कराये जाने के बात भी सामने आयी है। ये मामला संज्ञान मे आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।


पीड़िता की माँ ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि गांव निवासी एक युवक करीब एक साल से उसकी 15 वर्षीय बेटी को डरा धमकाकर उसका यौन शोषण कर रहा था। आरोप है कि युवक ने इस घटना का वीडियो बना लिया था और उसे वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को चुप रहने के लिए मजबूर करता था। परिजनों के अनुसार डर के कारण किशोरी ने काफी समय तक किसी को घटना की जानकारी  नहीं दी। बाद में उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। मामला सामने आने पर किशोरी की मां ने 16 सितंबर को शीशगढ़ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी।


आरोप है कि पुलिस से शिकायत किये जाने की जानकारी मिलते ही गांव में पंचायत बुला ली गई। इस पंचायत में आरोपी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई के स्थान पर फैसला सुनाया गया कि किशोरी के बालिग होने के बाद उसकी शादी आरोपी युवक से कराई जाएगी। बताया गया कि कल सोमवार को दोनों पक्षों की ओर से गोद भराई और तिलक की रस्म भी कराई गई। पीड़िता की माँ द्वारा की गयी शिकायत में आरोपी के पिता पर धमकाने का आरोप भी लगाया गया है। महिला का कहना है कि इस मामले की शिकायत किये जाने पर आरोपी के पिता ने उसे डराया-धमकाया और उसके इकलौते बेटे को जान से मारने की धमकी दी।


उक्त मामले में पंचायत के दौरान तैयार किए गए कथित समझौते की भी जानकारी सामने आई है। बताया गया कि पंचायत में करीब 15 लोग शामिल थे, जिनमें मौजूदा प्रधान के पिता भी थे। समझौता एक पूर्व प्रधान ने लिखा और उस पर उनके हस्ताक्षर बताए गए हैं। इस समझौते में दोनों पक्षों की सहमति का उल्लेख करते हुए आरोपी की शादी किशोरी के बालिग होने के बाद करीब दो साल दस महीने बाद कराने की बात लिखी गई थी।


एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के अनुसार उक्त मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पीड़िता की मां ने आरोपी पर बेटी के यौन शोषण और उसके पिता पर धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शिकायत पहली बार 16 सितंबर को थाने पहुंची थी। एसपी उत्तरी ने कहा कि तीन दिन पहले थाना प्रभारी बदले गए हैं और थाना स्तर पर किसी तरह की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी जांच कराई जा रही है। मामले की जांच सीओ बहेड़ी को सौंपी गई है। सीओ ने मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों के बयान भी लिए हैं। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या