पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - प्रेमिका को बहाने से बुलाकर पिलाया टॉयलेट क्लीनर, हालत बिगड़ती देख छोड़ भागा प्रेमी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अक्टूबर 06, 2026

पीलीभीत/उत्तर प्रदेश - प्रेमिका को बहाने से बुलाकर पिलाया टॉयलेट क्लीनर, हालत बिगड़ती देख छोड़ भागा प्रेमी

https://newsindia17.com/pilibhit-premika-ko-bahane-se-bulakar-pilaya-toilet-cleaner-halat-bigadti-dekh-chhod-bhaga-premi

उत्तर प्रदेश के जिला पीलीभीत से प्रेम प्रसंग के बीच एक युवती ने अपने प्रेमी पर धोखे से टॉयलेट क्लीनर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है।आरोप है कि युवती की तबीयत खराब होते ही युवक उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची युवती ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गाँव धोखापुर निवासी बंटी और एक युवती के बीच गत दो वर्षो से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बीच युवक की सगाई किसी दूसरी युवती के साथ होने के बाद दोनों के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी।


आरोप है कि कल सोमवार रात युवक ने युवती को गांव के बाहर बुलाया था। वहां उसने युवती से कहा कि दोनों साथ में अपनी जान दे देंगे। युवक की बातों पर भरोसा कर युवती उसके साथ हो गई। आरोप के मुताबिक, युवक अपने साथ टॉयलेट क्लीनर की बोतल लेकर आया था। युवक ने पहले युवती को क्लीनर पिला दिया। इसके कुछ ही देर बाद युवती के गले में तेज जलन होने लगी और उसकी तबीयत बिगड़ गई। युवती की हालत खराब होती देख युवक मौके से भाग गया। युवती दर्द और परेशानी की हालत में किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।


परिजन युवती को तत्काल बीसलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


पुलिस के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक के पिता किसान हैं और युवक उनके साथ खेती के काम में हाथ बंटाता है। पुलिस प्रेम प्रसंग, युवक की सगाई और घटना के पीछे की परिस्थितियों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या