प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मौहल्ला कोट पूर्वी का निवासी सोनू आयु 35 वर्ष पुत्र रमेश कल मंगलवार रात से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे परिजनो को फोन के माध्यम से सूचना मिली कि सोनू बाजार स्थित देशी शराब की हट्टी में है। परिजन जब वहां पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शराब की हट्टी के अंदर गिरने से युवक की मौत हुई। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण मौत की वजह का पता लगना बाकी है।
मृतक की पत्नी सुमन ने बताया कि उनका पति कल रात से लापता था और परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। दोपहर में फोन आने के बाद उन्हें घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर सोनू मृत मिला। पत्नी के अनुसार, परिवार इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं चाहता है।
सोनू अपने पीछे पत्नी सुमन और तीन बच्चों को छोड़ गया है। इनमें 14 वर्षीय बेटी पारुल, 11 वर्षीय बेटी गौरी और 13 वर्षीय बेटा कन्हैया शामिल हैं। परिवार के लिए यह घटना बड़ा सदमा बनकर सामने आई है। युवक की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा अनिल ने बताया कि उन्हें मोबाइल फोन के जरिए सोनू की मौत की सूचना मिली थी। उन्होंने भी कहा कि परिवार शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहता है।
इस मामले में सदर कोतवाली के थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिली है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

