उत्तर प्रदेश के जिला बरेली से शाहजहांपुर निवासी एक युवक को हनीट्रैप मे फँसाकर होटल मे बंधक बनाकर वसूली किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। शाहजहांपुर निवासी युवक का आरोप है कि एक महिला से जान-पहचान होने के बाद उसे मिलने के बहाने होटल बुलाया गया। जहां कुछ युवकों ने तमंचे के बल पर उसका मोबाइल और नकदी छीन ली। इसके बाद निजी चैट वायरल करने की धमकी देकर उससे और रुपये ऐंठने का प्रयास किया गया। पीड़ित की शिकायत पर एसएसपी के आदेश से पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीड़ित युवक ने एसएसपी को दिए गए शिकायती पत्र मे बताया कि वह जिला शाहजहांपुर के फरीदपुर कस्बे का निवासी है और किराने की दुकान चलाता है। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला से उसकी जान-पहचान हुई। आरोप है कि महिला ने पहले दो हजार रुपये उधार लेने के बहाने उससे संपर्क बढ़ाया। इसके बाद गत 17 अक्तूबर को महिला ने वॉट्सऐप पर बातचीत के दौरान दो हजार रुपये और मांगे। युवक ने महिला के कहने पर एक व्यक्ति के क्यूआर कोड के जरिए ये रकम भी ट्रांसफर कर दी।
आरोप है कि अगले दिन महिला ने उसे बरेली के आलमगिरिगंज स्थित वसुंधरा होटल में मिलने के लिए बुलाया। वह होटल पहुंचे युवक ने देखा कि महिला वहां मौजूद नहीं थी। मौके पर मौजूद रहे 3 युवक और उनका 1 अन्य साथी युवक को होटल के कमरा नंबर 202 में ले गए और बंधक बना लिया। आरोपियों में से एक ने तमंचा दिखाकर उसका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया और जेब से 16 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और वीडियो बनाकर निजी चैट सार्वजनिक करने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उससे 50 हजार, 40 हजार और एक लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कराने का प्रयास किया, लेकिन लेनदेन सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसे शहर के अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर रुपये निकलवाने की कोशिश की गई। अंत में एक व्यक्ति के यूपीआई खाते में पांच हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। युवक का आरोप है कि आरोपियों ने उसके मोबाइल से चैट डिलीट कर दी और फोन वापस कर दिया। पहले महिला को दिए गए दो हजार रुपये और बाद में कथित तौर पर वसूले गए 16 हजार रुपये नकद व पांच हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान को मिलाकर कुल 23 हजार रुपये का मामला सामने आया है। हालांकि, शिकायत में युवक ने 21 हजार रुपये वसूले जाने की बात कही है। निजी चैट वायरल करने की धमकी देकर उससे दो लाख रुपये और मांगे जाने का भी आरोप है।
पीड़ित युवक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अब मामले में पुलिस की जांच और आरोपों की पुष्टि के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

