नगीना/जिला बिजनौर - कपड़ा व्यापारी को सम्मोहित कर 2.65 लाख ठगे, साधू वेषधारी दो संदिग्ध गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, नवंबर 02, 2026

नगीना/जिला बिजनौर - कपड़ा व्यापारी को सम्मोहित कर 2.65 लाख ठगे, साधू वेषधारी दो संदिग्ध गिरफ्तार

https://www.newsindia17.com/2026/11/nagina-bijnor-kapda-vyapari-sammohit-2-65-lakh-thagi-sadhu-vesh-dhari-do-aropi-giraftar.html

जिला बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र से साधु वेषधारी दो व्यक्तियो द्वारा एक कपड़ा व्यापारी को सम्मोहित कर लाखो रूपये ठग लिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस घटना के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार मामले में कार्रवाई करते हुए देर शाम दो संदिग्धों को नजीबाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। संदिग्धो को नगीना थाने लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे साधु वेषधारी दो व्यक्ति मोहल्ला मानक चंद स्थित कपड़ा व्यापारी राजेश टंडन की दुकान पर पहुंचे। बताया जाता है कि इन लोगो ने व्यापारी से 10 रुपये मांगे। व्यापारी ने उन्हें साधू समझा और 10 रूपये दे दिए। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने व्यापारी को सम्मोहित कर अपने प्रभाव में ले लिया और दुकान के गल्ले में रखे करीब ढाई लाख रुपये और उसकी जेब में मौजूद 15 हजार रुपये ले लिए। रकम लेकर दोनों ठग मौके से निकल गए। कुछ देर बाद जब व्यापारी को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उसके होश उड़ गए। उसने आसपास के दुकानदारों को घटना की जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी।


स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक घटना के दौरान एक अन्य व्यक्ति तिराहे के पास खड़ा होकर फोन पर बात कर रहा था। बताया गया कि दोनों आरोपियों के दुकान से निकलने के करीब दो मिनट बाद वह व्यक्ति भी सामने की एक दुकान पर पहुंचा और दुकानदार से दो रुपये मांगे। रुपये लेने के बाद वह भी तेजी से वहां से चला गया। इस घटनाक्रम के आधार पर पुलिस अन्य संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 व स्थानीय थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए। कुछ दुकानदारों ने पुलिस को बताया कि आरोपी इससे पहले भी कई दुकानों पर भीख मांगते हुए दिखाई दिए थे।सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों के नजीबाबाद की ओर जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश तेज कर दी। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों को नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पुलिस चौकी के पास से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें नगीना थाने ले आई है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।


नोट: सम्मोहित करने, रकम ले जाने और तीसरे व्यक्ति की भूमिका से संबंधित विवरण प्रारंभिक जानकारी व स्थानीय लोगों के कथनों पर आधारित हैं। मामले में पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने बाकी हैं।

conter12
अभी तक पाठक संख्या