जिला बिजनौर की चाँदपुर थाना पुलिस ने लगभग डेढ़ माह से लापता 26 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। कल सोमवार को बबनपुरा के पास जंगल से युवती का कंकाल मिलने के बाद पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूछताछ में प्रेमिका की हत्या करने की बात स्वीकार की है। बताया गया कि युवती द्वारा लगातार शादी करने का दबाब बनाने पर आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया।
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने प्रेस वार्ता के दौराम मामले का खुलासा करते हुए बताया कि ये घटना चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर गांवड़ी की है। गत 28 सितम्बर को गांव निवासी मदन सिंह की 26 वर्षीय बेटी राखी अचानक लापता हो गई थी। राखी गांव के पास स्थित कुल्हड़ बनाने वाली फैक्ट्री में काम करती थी। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। बाद में परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने राखी की मां रेखा देवी की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी।
युवती की तलाश के दौरान पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली। जांच में एक नंबर से लगातार बातचीत होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने इस नंबर के आधार पर गांव गंधौर, थाना हीमपुर दीपा निवासी विकास पुत्र शीशराम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान विकास ने राखी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी विकास इंटर पास है और जेसीबी चलाकर खनन का काम करता है। वह अपनी पत्नी और बेटी के साथ कुतुबपुर गांवड़ी में किराए के मकान में रहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात राखी से हुई थी। राखी भी इंटर पास थी। दोनों के बीच करीब डेढ़ साल से प्रेम संबंध चल रहे थे।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राखी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार करने पर वह मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देती थी। कुछ दिन पहले राखी आरोपी के घर भी पहुंच गई थी। वहां उसने विकास की पत्नी के सामने खुद को गर्भवती बताते हुए परिवार को फंसाने की धमकी दी थी। आरोपी के मुताबिक इस घटनाक्रम के बाद वह परेशान हो गया और उसने राखी को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।
वारदात वाले दिन विकास राखी को चांदपुर लेकर गया। वहां उसने युवती को चाय, समोसा और कोल्ड ड्रिंक पिलाई। इसके बाद ई-रिक्शा और ऑटो के जरिए उसे बबनपुरा के पास नहर की पटरी से लगे जंगल में ले गया।जंगल में विकास ने कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर खुद पी और राखी को भी जबरन पिलाई। इसके बाद शादी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार इसी दौरान आरोपी ने राखी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी और फिर चाकू से उसका गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह शव को जंगल में छोड़कर फरार हो गया।
सोमवार को आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम और जनपदीय फील्ड यूनिट ने बबनपुरा के पास जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान राखी का कंकाल बरामद हुआ। घटनास्थल से मरून रंग का दुपट्टा, नीले-काले-बादामी रंग की चप्पल और सफेद धातु की पायल भी मिली। इसके अलावा शराब का खाली पाउच और स्प्राइट की बोतल भी बरामद की गई है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
एसपी ग्रामीण गौतम राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घटना का खुलासा करते हुए बताया कि युवती की गुमशुदगी के मामले की जांच के दौरान पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी तक पहुंची। आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से कंकाल और अन्य सामान बरामद किया गया है।
| अभी तक पाठक संख्या |
