जिला बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र मे आज मंगलवार की शाम उस समय अफरातफरी मच गयी जब निकाह की तैयारियों के बीच पहुँची एक महिला ने बारात लेकर आये दूल्हे को अपना पति बता दिया। महिला ने दावा किया कि दूल्हा बनकर आये युवक के साथ उसका निकाह हो चुका है। उसने आरोप लगाया कि बिना तलाक लिए वसीम दूसरी शादी करने जा रहा है। महिला के इस दावे के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और आखिरकार निकाह की रस्म रोकनी पड़ी। मामला पुलिस तक पहुंच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव मंडोरा विप निवासी फरहीन पुत्री फुरकान अहमद का निकाह जिंदरपुर निवासी वसीम पुत्र नसीम के साथ तय हुआ था। आज मंगलवार शाम करीब पांच बजे वसीम अपने परिजनों और बारातियों के साथ दुल्हन के घर पहुंचा था। घर में निकाह की तैयारियां पूरी थीं और दोनों परिवारों में रस्मों को लेकर खुशी का माहौल था। कुछ ही देर में निकाह की रस्म शुरू होने वाली थी।
इसी दौरान टांडा निवासी फरहीन पुत्री हनीफ मौके पर पहुँची और खुद को वसीम की पहली पत्नी बताते हुए निकाह का दावा किया। उसका कहना था कि करीब चार साल पहले उसका वसीम के साथ निकाह हुआ था। आरोप है कि दोनों के बीच बिना तलाक या किसी आपसी समझौते के वसीम दूसरी शादी करने जा रहा था। महिला की बात सुनकर दुल्हन पक्ष और बारातियों में हलचल मच गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे से जानकारी लेने लगे। देखते ही देखते वहां बहस शुरू हो गई। खास बात यह रही कि दूल्हे की कथित पहली पत्नी और जिस युवती से उसका निकाह होने वाला था, दोनों का नाम फरहीन है। अचानक सामने आए इस दावे ने शादी की खुशियों के बीच विवाद खड़ा कर दिया। हंगामे और विवाद की स्थिति को देखते हुए निकाह की रस्म रोक दी गई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
हल्का प्रभारी उप निरीक्षक सोनू निगम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और वहां मौजूद लोगों को समझाकर मामला शांत कराया गया। इस मामले में दूल्हा पक्ष, दुल्हन पक्ष और पहली पत्नी होने का दावा करने वाली महिला सहित तीनों पक्ष थाने पहुंचे हैं। पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। निकाह से ठीक पहले सामने आए महिला के दावे के चलते शादी की रस्में रुक गईं और अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

