उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहाँपुर मे नौकरी दिलाने और मोटी सैलरी का झांसा देकर युवतियो के साथ की गयी ठगी, मारपीट और शारीरिक शोषण का मामला एक बार फिर चर्चा मे आ गया है। आज सोमवार को करीब 12 बजे कई पीड़ित युवतियो ने कम्पनी पर जमा कराई गयी रकम हड़पने व वेतन न देने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर मे भारी पुलिस बल तैनात रहा।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत दिनो थाने पहुंची 12 युवतियो ने एसपी कार्यालय पहुंचकर एक शिकायती पत्र सौंपा था। इस पत्र मे बताया गया था कि उन्हें निगोही मोड़ के पास गौटिया मंदिर स्थित आशा एंटरप्राइजेज के कार्यालय से फोन आया था। इस बातचीत के दौरान उन्हें 30 हजार रुपये महीने वेतन पर नौकरी देने का वादा किया गया था। बाद में इंटरव्यू के नाम पर हर युवती से 20 हजार रुपये मांगे गए। शिकायतकर्ता ने 2 फरवरी 2025 को यह रकम चंद्रभान सिंह को दी। शिकायतकर्ता आजमगढ़ व अन्य 10 युवतिया आजमगढ़ की निवासी है जबकि एक युवती वाराणसी की निवासी है।
आज सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं युवतियों का आरोप है कि उनसे करीब डेढ़ साल तक नेटवर्किंग का काम कराया गया, लेकिन इसके बदले उन्हें सैलरी नहीं दी गई। इतना ही नहीं, काम के नाम पर उनसे और उनके संपर्कों के माध्यम से करीब दो करोड़ रुपये जमा कराए गए। युवतियों ने बताया कि कंपनी में काम करते समय उन्हें दोस्तों और रिश्तेदारों को फोन करने के लिए कहा जाता था। इस दौरान उनके पास एक सीनियर कर्मचारी बैठा रहता था और गलत नंबरों पर भी कॉल करवाए जाते थे।
पीड़िताओं ने कंपनी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि काम के दौरान उनके साथ मारपीट की जाती थी। उनसे नेटवर्किंग का काम कराने के अलावा खाना बनवाने और अन्य घरेलू काम भी कराए जाते थे। युवतियों का यह भी आरोप है कि उन्हें दूसरी कंपनियों में भेजा जाता था। एक पीड़िता ने बताया कि कंपनी की एक महिला कर्मचारी उसे धूप में ले जाकर पीटती थी।
इस मामले में 6 नवंबर को आशा इंटरप्राइजेज के स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। आजमगढ़ की 11 और वाराणसी की एक युवती ने आरोप लगाया था कि उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने का भरोसा दिया गया था। इंटरव्यू के लिए बुलाने के बाद उनसे 20 हजार रुपये जमा कराए गए।
युवतियों का आरोप था कि इसके बाद उन्हें बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया। उनके साथ मारपीट की गई, नाली साफ कराई गई और शारीरिक शोषण भी किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी।
सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचीं युवतियों ने प्रशासन से अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने और लंबे समय से बकाया वेतन का भुगतान कराने की मांग की। इस मामले में सीओ देवव्रत वाजपेयी ने बताया कि प्रकरण में पहले से एफआईआर दर्ज है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित युवतियों को जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

