इंटरनेट डेस्क। दिल्ली के खजूरी इलाके में एक बड़ी घटना सामने आई है। यहां गुरुवार रात अपने बुजुर्ग दोस्त से मिलने गई 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी बुजुर्ग ने महिला के शव को सड़क किनारे फेंक दिया। शुक्रवार सुबह निगम की सड़क पर बिजली के ट्रांसफार्मर के पास महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार खजूरी थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
दूध की डेयरी चलाता हैं आरोपी
खबरों की माने तो मृतका अपने पति और दो बच्चों के साथ खजूरी थाना क्षेत्र में रहती थी। वहीं, आरोपी बुजुर्ग इलाके में ही डेविड स्कूल के पास दूध की डेयरी चलाता है। वह शादीशुदा है और उसका एक बेटा अपने परिवार के साथ हरियाणा में रहता है। महिला के परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को बुजुर्ग ने तोहफा देने का बहाना बनाकर फोन कर महिला को अपने घर बुलाया था। देर रात तक जब महिला घर नहीं लौटी, तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
फुटेज से पकड़ा गया
शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर के पास शव पड़े होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी बुजुर्ग की पहचान हो गई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
बता रहा अस्थमा का अटैक
खबरों की माने तो पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी बुजुर्ग ने दावा किया है कि महिला को पहले से अस्थमा की शिकायत थी। गुरुवार रात शारीरिक संबंध बनाने के दौरान महिला को अचानक अस्थमा का अटैक आया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह डर गया और पकड़े जाने के खौफ से शव को सड़क किनारे फेंक आया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
pc- jagran