जिला रामपुर के सैफनी थाना क्षेत्र से निवासी एक विवाहिता ने अपनी मां समेत कई लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म कराने व करने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि उसके पति और पिता की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर उसकी मां ने अन्य लोगों के साथ मिलकर तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म कराया। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो भी बनाया और बाद में उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
एसपी को दिए गए शिकायती पत्र में महिला ने बताया कि उसका पति और पिता मजदूरी के सिलसिले में दूसरे प्रदेश में रहते हैं। आरोप है कि इसी दौरान उसकी मां ने मुरादाबाद के मैनाठेर क्षेत्र और सैफनी नगर के एक व्यक्ति सहित चार अज्ञात लोगों के साथ मिलकर उसके साथ शोषण की घटना को अंजाम दिलाया। पीड़िता के अनुसार एक रात करीब 11 बजे आरोपी तमंचा लेकर उसके घर में घुस आए। विरोध करने पर उसकी मां ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपियों ने तमंचे के बल पर बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करने के इरादे से आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया।
महिला ने बताया कि घटना की जानकारी होने पर उसके पिता ने आरोपी मां को घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद 26 अक्टूबर की शाम एक आरोपी ने फोन कर उसे वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने उसके पिता और ताऊ को जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता का आरोप है कि उसने 28 अक्टूबर को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन सैफनी पुलिस के जांचकर्ता दरोगा ने उसका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया और न ही आवश्यक सीडीआर निकलवाकर जांच की। महिला का कहना है कि दरोगा ने गत 2 नवंबर को घर बैठे ही मनगढ़ंत रिपोर्ट तैयार कर मामले को पारिवारिक विवाद दर्शा दिया है। पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट महिला ने अब एसपी से दोबारा शिकायत करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने और न्याय दिलाने की मांग की है।
इस मामले में सीओ देवकी नंदन ने बताया कि महिला की ओर से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया गया है। जांच के दौरान मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा सामने आया है। इसकी रिपोर्ट महिला आयोग को भेज दी गई है।फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस की जांच को लेकर मामला चर्चा में है। पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

