जिला शाहजहाँपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र में खेत से लकड़ी उठाने का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट और दरांती से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घायल महिला ने स्थानीय पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई न करने और थाने में उसके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। आज बुधवार को सीओ कार्यालय पहुँची पीड़िता ने प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
थाना क्षेत्र के गाँव करकौर निवासी सीमा के अनुसार गाँव निवासी एक व्यक्ति के साथ उनका जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि कल मंगलवा 10 नवंबर को विपक्षी उसके खेत में पड़ी लकड़ी उठाने लगा। इसका विरोध किये जाने पर आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सीमा का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उस पर दरांती से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई। घटना के बाद महिला ने संबंधित थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत की।
पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचने के बावजूद पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीं की। इतना ही नही उसका मेडिकल परीक्षण भी नहीं कराया गया। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके पति को भी जबरन थाने में बैठा लिया।
सीमा के मुताबिक आज बुधवार सुबह पति से मिलने थाने गयी थी मगर पुलिसकर्मियों ने उसे मिलने नहीं दिया। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उसे थाने से भगा दिया गया। पुलिस के रवैये से परेशान होकर पीड़िता बुधवार को पुलिस क्षेत्राधिकारी विदुष सक्सेना के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी देते हुए प्रार्थना पत्र सौंपा।
महिला ने सीओ से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दरांती से हमला करने के आरोपी और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उसके पति को थाने से छुड़ाने की मांग की है। फिलहाल मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है। अब देखना होगा कि पीड़िता की शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है और जमीन विवाद में मारपीट व पुलिस पर लगाए गए आरोपों की जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

