रजपुरा/जिला संभल - फंदे पर लटका मिला 4 माह की गर्भवती विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, नवंबर 11, 2026

रजपुरा/जिला संभल - फंदे पर लटका मिला 4 माह की गर्भवती विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

rajpura-sambhal-4-mah-ki-garbhvati-vivahita-ka-fande-par-latka-mila-shav-mayke-paksh-ne-lagaya-dahej-hatya-ka-aarop

जिला संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कल मंगलवार की देर रात चार महीने की गर्भवती 22 वर्षीय विवाहिता का शव घर के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।


उक्त पूरा मामला संभल जिला मुख्यालय से करीब 19 किलोमीटर दूर रजपुरा थाना क्षेत्र के चंदूनगला गांव का है। मृतका की पहचान दीपा सिंह आयु 22 वर्ष पत्नी दीपक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब दो बजे घर के एक कमरे में दीपा का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।


मृतका के पिता तेजपाल निवासी ईसापुर गांव ने बताया कि उन्होंने 30 अप्रैल को अपनी बेटी दीपा की शादी गजेंद्र सिंह के बेटे दीपक के साथ की थी। शादी में अपनी हैसियत के अनुसार बोलेरो गाड़ी सहित दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग स्कॉर्पियो गाड़ी की मांग कर रहे थे। पिता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट की जाती थी। इस विवाद को लेकर कई बार पंचायत भी हुई। पंचायत में ससुराल पक्ष के लोग अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांग लेते थे, लेकिन कुछ समय बाद फिर से दीपा के साथ मारपीट शुरू कर देते थे। तेजपाल ने आरोप लगाया कि 10 नवंबर को भी दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की गई थी। उनका कहना है कि चार महीने की गर्भवती बेटी की हत्या कर उसके शव को फंदे पर लटकाया गया है।


घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति दीपक, ससुर गजेंद्र सिंह और सास सर्वेश के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या के आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बताया गया है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने आरोपी दीपक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई भी की थी।


रजपुरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने एकत्र किए हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या