National Weather Forecast: चक्रवाती तूफान मुरासू का राजस्थान पर नहीं पड़ेगा प्रभाव, इन संभागों में गिरेगा तापमान - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, नवंबर 04, 2026

National Weather Forecast: चक्रवाती तूफान मुरासू का राजस्थान पर नहीं पड़ेगा प्रभाव, इन संभागों में गिरेगा तापमान

इंटरनेट डेस्क। बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासू’देश के दक्षिणी राज्यों के लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। ये अब दक्षिण-पूर्वी आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा है। देश के कई राज्यों में आज भी बारिश का अलर्ट है। हालांकि इस तूफान का राजस्थान के मौसम पर कोई प्रत्यक्ष असर नहीं पड़ेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में इस माह की शुरुआत के साथ ही मौसम के मिजाज में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ बना रहेगा। रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे लोगों को गुलाबी ठंड का अहसास होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय धूप खिली रहेगी जबकि रात और सुबह के समय हल्की धुंध और ठंडी हवाएं चलने से लोगों को ठंड महसूस होगी।  राजधानी जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।

जयपुर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है

राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश या आंधी-तूफान का किसी भी  प्रकार का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी नहीं किया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों ने गर्म कपड़े बाहर निकाल लिए हैं।  मौसम विभाग के अनुसार, आज राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं जयपुर के साथ ही दौसा और अलवर में आगामी दो-तीन दिनों में रात का पारा और नीचे गिर सकता है।

PC:  navbharattimes.indiatimes