बरेली/उत्तर प्रदेश - 25 लाख रुपये के लेनदेन में युवक की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, नवंबर 16, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - 25 लाख रुपये के लेनदेन में युवक की हत्या, पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरा फरार

bareilly-uttar-pradesh-25-lakh-rupees-ke-lenden-mein-yuvak-ki-hatya-police-encounter-2-aaropi-giraftar-teesra-farar

जिला बरेली की आंवला थाना पुलिस को कल रविवार रात की गयी युवक की हत्या के मामले मे बड़ी सफलता मिली है। आंवला पुलिस टीम ने आज सोमवार सुबह बंजरिया के जंगल में हुई मुठभेड़ के बाद इस मामले मे वांछित 2 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। गिरफ्तार किये गए दोनों आरोपी मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने पर घायल हो गए। दोनो को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।


पाठको को बताना उचित होगा कि कल रविवार रात करीब 8:45 बजे आंवला पुलिस को कस्बे में गोली चलने की सूचना मिली थी। बताया गया कि अकरम आयु 22 वर्ष अपने पिता अशरफ आयु 55 वर्ष  के साथ फार्म हाउस से वापस आ रहा था। इसी दौरान रास्ते में तौफीक और उसके दो साथियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान सिर मे गोली लगने पर अकरम की मौके पर ही मौत हो गयी थी।


घटना के बाद मृतक के पिता अशरफ अली की तहरीर पर आंवला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा की गयी जांच में अशफाक उर्फ चौड़ा और विकास यादव के नाम भी सामने आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया था।


आज सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि हत्यारोपी बंजरिया के जंगल में छिपे हुए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर आरोपियों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों द्वारा की गयी फायरिंग के दौरान हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाजू को गोली छूकर निकल गई।


पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तौफीक कुरैशी आयु 23 वर्ष और अशफाक उर्फ चौड़ा 20 वर्ष  गोली लगने पर घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, तीसरा आरोपी विकास यादव जंगल की झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया।


पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में तौफीक नेबताया कि उसने अकरम से 25 लाख रुपये के भैंस के पड्डे खरीदे थे, जिनका भुगतान बकाया था। पुलिस के अनुसार इसी रकम देने से बचने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अकरम की हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों ने 15 नवंबर को वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने का रास्ता चुना था।


पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। फरार आरोपी विकास यादव की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या