कल देर रात जिला संभल के रजपुरा थाना क्षेत्र में पत्नी को मायके छोड़कर वापस आ रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टककर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। ग्रामीणों द्वारा हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची रजपुरा पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों के मौके पर पहुँचने पर पुलिस ने आज सुबह शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केसरपुर गाँव का निवासी आकाश आयु 25 वर्ष होली के अवसर पर अपनी पत्नी को छोड़ने गाँव धीमरपुर गया था। देर रात आकाश पत्नी को मायके में छोड़कर बाइक द्वारा वापस अपने गाँव जा रहा था। बाइक सवार आकाश जब रजपुरा थाना क्षेत्र के गाँव मलिकपुर के पास पहुँचा इसी दौरान किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में आकाश की मौके पर ही मौत हो गयी। सड़क पर शव पड़ा मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची रजपुरा पुलिस ने मृतक की जेब से बरामद मोबाइल द्वारा परिजनों को सूचना दी। आज सुबह तड़के परिजनों के मौके पर पहुँचने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। रजपुरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि किसी अज्ञात वाहन की टककर लगने पर बाइक सवार युवक की मौत हुई है। मामले की जाँच की जा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |