जिला अमरोहा की सैदनगली थाना पुलिस ने आज बुधवार को हुई मुठभेड़ के बाद गत 11 वर्षो से फरार चल रहे एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए तांत्रिक का भेष बदलकर छिपा हुआ था। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव के निर्देशानुसार चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान सैदनगली पुलिस सकतपुर नहर पुल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार घबरा गया और मौके से भागने का प्रयास किया। इस प्रयास के दौरान उसकी बाइक फिसल गयी और वह गिर गया। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी द्वारा की गयी फायरिंग मे एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी फायरिंग मे एक गोली आरोपी के पैर मे जा लगी और मौके पर ही गिर गया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस द्वारा की गयी पूछ्ताछ मे आरोपी ने अपना नाम अरमान उर्फ काले खाँ, निवासी गांव पैतिया माफी, जनपद सम्भल बताया। आरोपी पिछले 10-11 वर्षों से हत्या और हत्या के प्रयास जैसे मामलों में वांछित था। फरार रहने के दौरान उसने तांत्रिक का भेष धारण कर लिया था। आरोपी पर एक महिला को 'गड़ा धन' निकालने का झांसा देकर 11.70 लाख रुपए और जेवर ठगने का आरोप है। इसके अतिरिक्त आरोपी के खिलाफ तमंचे के बल पर पीड़िता की बेटी के साथ दुष्कर्म करने का भी संगीन मामला दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अरमान एक शातिर अपराधी है जिस पर अमरोहा, सम्भल और मुरादाबाद के थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, दुष्कर्म और धोखाधड़ी के 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन व बिना नंबर की एक पैशन प्रो बाइक बरामद की गयी है।
अपर पुलिस अधीक्षक अमरोहा अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी पर दुष्कर्म और धोखाधड़ी समेत कुल 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2015 से ही हत्या के मामलों में फरार चल रहा था। मुठभेड़ में घायल अभियुक्त को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जिसे बाद में न्यायालय में पेश किया जाएगा।
