बिजनौर/उत्तर प्रदेश - जिला जेल मे हुई बंदी की संदिग्ध मौत पर मचा बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए किया हंगामा, लगाया जाम, पुलिसकर्मियों के साथ हुई झड़प - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


रविवार, मई 10, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - जिला जेल मे हुई बंदी की संदिग्ध मौत पर मचा बवाल, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए किया हंगामा, लगाया जाम, पुलिसकर्मियों के साथ हुई झड़प

https://newsindia17.com/bijnor-district-jail-prisoner-death-protest-murder-allegations-up/

आज रविवार को जिला जेल बिजनौर मे एक बंदी का शव पेड़ से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बंदी के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस से लेकर जजी चौक तक जमकर हंगामा किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से कई बार झड़प हुई और बरेली रेंज के डीआईजी की गाड़ी को भी निशाना बनाया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर का निवासी दीपक आयु 30 वर्ष पुत्र चंद्रपाल लूट के एक मामले में पिछले डेढ़ साल से जेल में बंद था। दीपक एक हिस्ट्रीशीटर था व गैंगस्टर के मामले मे भी निरुद्ध किया गया था। दीपक को उसे दो अलग-अलग मामलों में क्रमशः छह और दो साल की सजा हुई थी। जेल प्रशासन के अनुसार कल शनिवार रात घबराहट की शिकायत होने पर उसे जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे उसका शव अस्पताल वार्ड के पीछे एक आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला।


दीपक की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। भीड़ ने अंदर घुसने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने बलपूर्वक रोका। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि बसपा नेता अरुण सोनी ने सीओ सिटी संग्राम सिंह के साथ धक्का-मुक्की की। इस दौरान मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की माँ ने आरोप लगाया कि दीपक को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी और वह जल्द बाहर आने वाला था, उसने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी हत्या की गई है।


पोस्टमार्टम हाउस के बाद आक्रोशित भीड़ जजी चौक पहुंच गई और वहां जाम लगा दिया। इसी बीच बरेली रेंज के डीआईजी अजय साहनी की गाड़ी भी जाम में फंस गई। प्रदर्शनकारियों ने उग्र होते हुए डीआईजी की गाड़ी पर लगे स्टार तक नोच डाले। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। देर शाम तक जिला जेल के बाहर भी भारी भीड़ जमा रही, जिसे नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।


मृतक के बहनोई ऋषि राज ने दावा किया कि उन्होंने शनिवार को ही दीपक से मुलाकात की थी। दीपक ने बताया था कि जेल में बंदियों का एक गुट उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने इसकी शिकायत अधिकारियों से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि होली के दौरान भी जेल में उसके साथ मारपीट की गई थी।


एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि सजायाफ्ता बंदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की प्रारंभिक सूचना मिली थी। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है। परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या