पल्लवपुरम/जिला मेरठ - देर रात लगी भीषण आग मे झुलसकर पिता व पुत्री की मौत, 10 अन्य की हालत गंभीर, समय पर नही पहुँची एम्बुलेंस - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, मई 04, 2026

पल्लवपुरम/जिला मेरठ - देर रात लगी भीषण आग मे झुलसकर पिता व पुत्री की मौत, 10 अन्य की हालत गंभीर, समय पर नही पहुँची एम्बुलेंस

https://newsindia17.com/meerut-pallavpuram-fire-father-daughter-died-10-critical-ambulance-delay/

कल रविवार की देर रात मेरठ के पल्ल्वपुरम थाना क्षेत्र मे लगी भीषण आग से उठे धुंए के कारण घर मे सो रहे 12 लोग अचेत हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड ने पीड़ितो को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहाँ उपचार के दौरान 8 वर्षीय मासूम बच्ची व उसके पिता की मौत हो गयी। अन्य 10 लोगो की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी सागर आयु 35 वर्ष व उनके परिजन कल देर रात अपने घर मे गहरी नींद मे सोये हुए थे। इसी दौरान देर रात लगभग 2 बजे घर मे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर जहरीले धुंए से भर गया। धुंआ इतना घना था कि घर के अंदर सो रहे लोग बाहर भी नही आ सके और दम घुटने के कारण बेहोश हो गए।


मकान से उठ रही आग की लपटो को देख पड़ोसियो ने तुरंत ही पुलिस व फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए घर मे फंसे लोगो को बाहर निकाला और एम्बुलेंस को सूचित किया। सूचना देने के बावजूद भी काफी देर तक एम्बुलेंस मौके पर नही पहुंची। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियो ने ही मानवता का परिचय दिया और घायलो को सरकारी व निजी वाहनो से मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल पहुंचाया।


अस्पताल मे चिकित्सको ने सागर आयु 35 वर्ष व उनकी बेटी शिवानी उर्फ़ लाली आयु 8 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के शिकार हुए अन्य 10 लोगो (प्रिंस, भावना, आशु, शिवा, सरिता, करण, ज्योति, कान्हा, कांता और अरुण) का उपचार चल रहा है, जिनमें से कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया गया है कि लोग यहाँ किराए पर रह रहे थे। आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर रखा टेंट व्यवसायी कृष्णपाल का भी लगभग 10 लाख रूपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। इस भीषण अग्निकांड मे घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी व दो बाइक भी जल गयी। 


सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। समय पर राहत कार्य शुरू कर अन्य लोगों को बचाने का प्रयास किया गया है।

counter
अभी तक पाठक संख्या