जिला संभल की नखासा थाना पुलिस ने तीन तलाक व दहेज हत्या के मामले मे फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने मे सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत मे जेल भेज दिया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि अलीशा आयु 25 वर्ष पुत्री आबिद हुसैन, निवासी बुध बाजार, मुरादाबाद का निकाह 5 वर्ष पूर्व नाजिम पुत्र मकसूद, निवासी ग्राम सुनवारी, जिला संभल के साथ हुआ था। आरोप है कि अलीशा के ससुराल वाले निकाह के समय दिए गए दान दहेज से संतुष्ट नही थे और उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे।
मृतका अलीशा के भाई तालिब द्वारा गत 26 अप्रैल को थाना नखासा मे दी गयी तहरीर मे बताया गया था कि 24 अप्रैल की सुबह फ़ोन पर हुई बातचीत मे अलीशा ने बताया था कि उसका पति नाजिम, जेठ रियासत, ससुर मकसूद व जेठानी अंजुम परवीन उस पर दहेज लाने का दबाब बनाते हुए मारपीट कर रहे है। अलीशा का कहना था कि पति नाजिम व उसके परिजन 5 लाख रूपये नकद व कार की मांग कर रहे है। आरोप था कि इसी मारपीट के बीच नाजिम ने तीन तलाक बोलकर अलीशा से सम्बन्ध समाप्त कर लिए थे और परिजनो के साथ मिलकर उसे जबरन जहर दे दिया था।
मौके पर पहुंचे मायके पक्ष वालो ने गंभीर हालत मे मिली अलीशा को उपचार हेतु मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया था। जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी थी। घटना के बाद से ही अलीशा का पति नाजिम फरार था और पुलिस उसकी व अन्य आरोपियो की तलाश मे जुटी हुई थी।
थाना प्रभारी नखासा उमेश सोलंकी ने बताया कि पुलिस टीम नामजद आरोपी नाजिम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। मामले के अन्य पहलुओं और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

