नहटौर/जिला बिजनौर - नगर के मुख्य मार्गो पर अतिक्रमण देख गरजी नगर पालिका, 10 दुकानदारों के काटे चालान वसूला जुर्माना - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मई 08, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - नगर के मुख्य मार्गो पर अतिक्रमण देख गरजी नगर पालिका, 10 दुकानदारों के काटे चालान वसूला जुर्माना

https://newsindia17.com/nehtaur-bijnor-nagar-palika-anti-encroachment-drive-shopkeepers-fined/

लम्बे समय से नगर के मुख्य मार्गो पर जमा हो रहे अतिक्रमण को हटाकर यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आखिरकार नगर पालिका ने प्रयास शुरू कर दिए है। इसी के तहत नगर पालिका की टीम ने गुरुवार देर शाम अभियान चलाते हुए कोतवाली व नूरपुर मार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से कब्जा कर बैठे दुकानदारो के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान दुकानदारो मे हड़कंप मचा रहा।


पाठको को बताना उचित होगा कि नहटौर नगर के हल्दौर चौराहे से नगर की ओर आने वाली सड़क के साथ ही नूरपुर व कोतवाली मार्ग पर दुकानदारो व ठेले रेहड़ी वालो ने लम्बे समय से अवैध कब्जा किया हुआ है। इन दुकानदारो अपने प्रतिष्ठानो के बाहर सड़क किनारे काफी मात्रा में सामान रखा हुआ है और उसके आगे खड़े हो रहे ठेले रेहड़ी वालो ने इसमे और इजाफा कर दिया है। इस सबके चले इन मार्गो पर हमेशा ही यातायात जाम की समस्या बनी रहती है। इस क्षेत्र मे कई स्कूल स्थित होने के कारण सुबह व दोपहर के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है और दुर्घटनाओ का खतरा भी बना  रहता है।


इन्ही समस्याओ को दृष्टिगत रखते हुए सड़क पर उतरी नगर पालिका की टीम ने इन दुकानदारो के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सड़को पर रखे सामान व ठेलो को हटवाया। टीम ने सड़क घेरकर अतिक्रमण कर रहे 10 दुकानदारो के चालान भी काटे और मौके पर ही 2500 रुपए जुर्माना भी वसूला। अधिकारियो ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग किसी की निजी संपत्ति नहीं है और इसे बाधित करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


नगर पालिका अधिकारियो ने दुकानदारो को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति मे कोई भी सामान नाली से आगे न रखा जाए तथा सड़क किनारे अवैध रूप से ठेले व खोमचे न लगाए जाये। अधिकारियो ने कहा कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने के साथ-साथ कठोर दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।


इस अभियान के दौरान नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय रहे। टीम में मुख्य रूप से कपिल शर्मा, गौरव त्यागी, दीप कुमार, विशाल वर्मा, आशीष कुमार, तालिब और हुजैफा सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करें।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या