संभल कोतवाली क्षेत्र के एक होटल के कमरे में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर व विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या कर ली। युवक दिल्ली जबकि युवती सम्भल के ही हयातनगर क्षेत्र की निवासी थी। होटल मालिक द्वारा सूचना दिए जाने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल गुरुवार की सुबह लगभग 11 बजे एक युवक व युवती ने हसनपुर मार्ग स्थित आर स्टार ओयो में किराए पर कमरा लिया था। इसके बाद कमरे में गए युवक युवती के देर रात तक बाहर न आने पर होटल मैनजर अमित को शक हुआ। रात को लगभग साढ़े 11 बजे अमित ने कमरे का दरवाजा खटखटाया पर कोई जबाब नहीं मिला। इसके बाद मैनेजर ने खिड़की से अंदर झाँका। कमरे के अंदर का नजारा देख अमित के पैरो से जमीन निकल गयी। कमरे में युवक का शव पंखे के सहारे फंदे से लटक रहा था जबकि युवती भी एक ओर निढाल पड़ी हुई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला और युवक के शव को नीचे उतारा। युवती ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था और मृत अवस्था में थी।
प्रारभिक जांच में पुलिस को पता लगा कि होटल में दर्ज विवरण में युवक का नाम शिवम, निवासी गौतमपुरी, दिल्ली व युवती का नाम स्वीटी, निवासी हयातनगर, सम्भल बताया गया है। होटल मैनेजर के अनुसार ये युगल पूर्व में भी यहाँ कमरा ले चुके है। पुलिस को पता लगा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। हयातनगर में युवती के घर के पास ही युवक की भी रिश्तेदारी है। इस रिश्तेदारी में आने जाने में ही ये प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। मौके पर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह गुनावत भी पहुंचे और जानकारी की। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संभल पवन कुमार ने बताया कि युवक ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दी है जबकि युवती की मौत का कारण विषाक्त पदार्थ का सेवन किया जाना नजर आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |