जनपद मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र की अपेक्स कॉलोनी निवासी एक युवक का शव फ्लैट के पास पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। शव पड़ा देख स्थानीय निवासियों ने पुलिस को सूचित किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक जांच पड़ताल व कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। समाचार प्राप्त होने तक पुलिस को इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मेरठ की गढ़ रोड स्थित अपेक्स कॉलोनी में पंकज पूनिया मूल निवासी गुवाहटी अपनी पत्नी व बच्चो के साथ रहता था। पंकज नोएडा में किसी कम्पनी में काम करता था। इस समय पंकज की पत्नी बच्चो को लेकर मायके गयी हुई है। कल गुरुवार को पंकज घर पर अकेला ही था। आज शुक्रवार की सुबह पंकज का शव फ्लैट के पास ही एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला। शव को देखकर लगता था कि पीट पीटकर युवक की हत्या की गयी है। पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजने के साथ ही गुवाहटी में रह रहे पंकज के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
घटना की सूचना पर एसपी देहात कमलेश बहादुर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में कॉलोनी के अन्य निवासियों ने बताया कि पंकज पुनिया बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर रहता था। इसी बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर एक कन्स्ट्रक्शन कम्पनी के कुछ कर्मचारी किराए पर रहते है। कल रात से ये सभी फरार है तथा उनके मोबाइल भी बंद है। कॉलोनी प्रेसिडेंट अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि रात लगभग 12 बजे पंकज पूनिया ने उन्हें फोन किया था। इस दौरान पंकज ने बताया था कि उसकी किसी बात को लेकर कंस्ट्रक्शन कम्पनी के कर्मचारियों से बहस हुई है। रात काफी होने के कारण अनिल ने इस पर अधिक ध्यान नहीं दिया और सुबह मामला निपटाने को कहा। एसपी देहात ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। इस मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
| अभी तक पाठक संख्या |