पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से जहाँ लोगो को भीषण गर्मी से राहत मिली है वही कई हादसे भी लगातार हो रहे है। ऐसा ही एक मामला नहटौर थाना क्षेत्र से सामने आया है। लगातार हो रही बारिश के चलते थाना क्षेत्र के एक गाँव में आज बुधवार को अचानक ही मकान का लिंटर गिर गया। इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव राजपुर नन्हेड़ा निवासी धर्मवीर सिंह के मकान का लिंटर अचानक ही भरभराकर गिर गया। गनीमत रही की लिंटर गिरने के दौरान उस समय कोई मकान के अंदर नहीं था। लिंटर के मलबे में दबकर 2 ट्रैक्टर व अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में लगभग 5 लाख रूपये के नुकसान का आरोप लगाया जा रहा है। मकान स्वामी धर्मवीर के अनुसार मकान काफी पुराना था और लगातार हो रही बारिश के चलते इसकी स्थिति और कमजोर हो गयी थी। इसी कारण आज सुबह अचानक ही 400 लीटर लम्बा लिंटर भरभरा कर गिर गया।
लिंटर गिरने के दौरान हुए धमाके को सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी। घटना की सूचना पर स्थानीय लेखपाल मोहम्मद अकमल और अनिल गुप्ता मौके पर पहुंचे। लेखपालों ने घटना में हुए नुकसान का आकलन किया है और उच्च अधिकारियो को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों मे दहशत व्याप्त है। गांव में अन्य कई पुराने मकानों पर भी खतरा मंडरा रहा है।
अभी तक पाठक संख्या |