कुंवरगाँव/ जिला बदायूँ - जमीन की खातिर हैवान बनी बहू, प्रेमी के साथ मिलकर काट डाले ससुर के दोनो हाथो के अंगूठे - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जनवरी 22, 2026

कुंवरगाँव/ जिला बदायूँ - जमीन की खातिर हैवान बनी बहू, प्रेमी के साथ मिलकर काट डाले ससुर के दोनो हाथो के अंगूठे

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ कुंवरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत  गांव में एक कलयुगी बहू ने पांच बीघा जमीन हड़पने के लिए अपने 72 वर्षीय ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। महिला की दरिंदगी का आलम यह था कि उसने सोते समय ससुर के सिर पर पत्थर से प्रहार किया और फिर धारदार हथियार से दोनों अंगूठे काट दिए, ताकि वह भविष्य में अपनी जमीन किसी और के नाम न कर सकें।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव इमलिया निवासी महताब आयु 72 वर्ष का एक बेटा लालाराम है, जो मानसिक रूप से कमजोर है। महताब के पास गांव में 5 बीघा खेती की जमीन है। लालाराम की पत्नी जयंती की नजर काफी समय से इस जमीन पर थी। वह चाहती थी कि ससुर महताब यह जमीन उसके नाम कर दे। इसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। गत मंगलवार की रात महताब गहरी नींद में सोये हुए थे। इसी दौरान जयंती ने अपने प्रेमी रोहित सागर उर्फ बुधिया के साथ मिलकर उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान हमलावरो ने महताब के सिर पर पत्थर से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इतना ही नही महताब अंगूठे का निशान लगाकर अपनी जमीन न बेचने पाए इससे बचने के लिए शातिर बहू ने धारदार हथियार से उसके हाथो के दोनो अंगूठे भी काट दिए।


इस मामले मे कल बुधवार को पीड़ित महताब के बहन नेक्सो ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियो के खिलाफ कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर आरोपियो की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। कुंवरगांव पुलिस ने आज गुरुवार को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्रवधू जयंती को गंगा एक्सप्रेस वे के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल रहा उसका प्रेमी रोहित सागर उर्फ़ बुधिया फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी हेतु दबिश दे रही है।


थानाध्यक्ष कुंवरगांव राजेश कौशिक ने बताया कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद मे महिला ने अपने ससुर पर जानलेवा हमला किया था। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। फरार चल रहे दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या