संभल/उत्तर प्रदेश - जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता शारिक साठा का आलीशान घर कुर्क, दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया हुई तेज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जनवरी 21, 2026

संभल/उत्तर प्रदेश - जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता शारिक साठा का आलीशान घर कुर्क, दुबई से भारत लाने की प्रक्रिया हुई तेज

www.newsindia17.com

उत्तर प्रदेश के संभल में गत 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई भीषण हिंसा के मामले में योगी सरकार का जीरो टॉलरेंस एक्शन लगातार जारी है। इसी के तहत संभल पुलिस और जिला प्रशासन ने आज बुधवार को हिंसा के मुख्य साजिशकर्ता और कुख्यात गैंगस्टर शारिक उर्फ साठा के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नखासा थाना क्षेत्र के दीपा सराय स्थित उसके आलीशान घर की कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया है।


आज बुधवार सुबह से ही सम्भल का दीपा सराय क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया था। इसी बीच एसडीएम और एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम शारिक साठा के पैतृक निवास पर पहुंची। यहाँ ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई गई और कोर्ट के आदेश को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद पुलिस ने घर के अंदर का सभी सामान जब्त कर कमरों को सील कर दिया।


पुलिस द्वारा की गयी जांच में खुलासा हुआ था कि शारिक साठा वर्ष 2020 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार होकर दुबई जा चुका है। आरोप है कि उसने 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा की पूरी स्क्रिप्ट दुबई में बैठकर लिखी थी। पुलिस को शक है कि साठा के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और अंडरवर्ल्ड से भी हैं। संभल हिंसा के दौरान बरामद हुए कुछ कारतूस मेड इन पाकिस्तान पाए गए थे, जिनकी सप्लाई में साठा का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है।


सम्भल हिंसा का सूत्रधार शारिक साठा मामूली अपराधी नहीं है। वह देश के सबसे बड़े वाहन चोर गिरोह का सरगना माना जाता है। उस पर यूपी, दिल्ली और बंगाल सहित कई राज्यों में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट के 69 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। बताया जाता है कि उसका गिरोह हर साल लगभग 300 से 500 लग्जरी गाड़ियां चोरी कर उन्हें नेपाल और अन्य राज्यों में खपाता था।


एसपी सम्भल कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। चूंकि आरोपी विदेश में छिपा है, इसलिए अब उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। बहुत जल्द उसे इंटरपोल की मदद से गिरफ्तार कर भारत लाया जाएगा।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या