हसनपुर/जिला अमरोहा - निजी अस्पताल में हुई प्रसूता की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, मई 13, 2026

हसनपुर/जिला अमरोहा - निजी अस्पताल में हुई प्रसूता की मौत पर आक्रोशित परिजनो ने किया हंगामा, लगाया लापरवाही का आरोप

newsindia17.com/amroha-hasanpur-private-hospital-woman-death-family-protest-negligence-allegations/

आज बुधवार को हसनपुर बाईपास मार्ग स्थित एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान हुई प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सको पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की। जिसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर को सील कर दिया। परिजनों द्वारा अग्रिम कानूनी कार्रवाई से इनकार किये जाने के बाद मामला शांत हो गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम सुल्तान ठेर निवासी सोनू ने अपनी पत्नी बबीता आयु 29 वर्ष को प्रसव पीड़ा होने पर बीते सोमवार को हसनपुर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। यहाँ डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन (बड़ा ऑपरेशन) के जरिए प्रसव कराया था। बबीता ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही बबीता की तबीयत बिगड़ने लगी थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने इसे सामान्य बताया।


आज बुधवार सुबह महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर होने पर इसे आनन-फानन में मेरठ रेफर कर दिया गया। मेरठ में उपचार के दौरान आज बुधवार दोपहर बबीता की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन शव को लेकर सीधे हसनपुर स्थित उसी नर्सिंग होम पहुंचे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मृतका के पति का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मेरी पत्नी की जान गई है। ऑपरेशन के बाद सही देखभाल नहीं की गई और हालत बिगड़ने पर हाथ खड़े कर दिए।


हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और सीएचसी प्रभारी डॉ. ध्रुवेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए नर्सिंग होम के ऑपरेशन थिएटर  को सील कर दिया। कोतवाल राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने हंगामा कर रहे परिजनो को शांत कराया। परिजनो ने लिखित रूप मे कोई भी शिकायत देने से इंकार कर दिया है और शव का पोस्टमार्टम भी नही कराया है। परिजन शव को लेकर घर चले गए है।


सीएचसी प्रभारी डा0  ध्रुवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ओटी को सील किया गया है और अस्पताल के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बिना वैध मानकों के अस्पताल संचालन पाए जाने पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

free counter
अभी तक पाठक संख्या