गत 30 अप्रैल की रात मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल संचालक के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कल रविवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद घटना को अंजाम देने वाले दोनो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस की गोली लगने पर घायल हुआ है। घायल हुए बदमाश को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार किये गए बदमाशो के पास से घटना मे प्रयुक्त बाइक और अवैध हथियार बरामद किये है। पुलिस अग्रिम कार्रवाई मे जुटी है।
पाठको को बताना उचित होगा कि गत 30 अप्रैल की देर रात थाना क्षेत्र के ग्राम जुर्रानपुर निवासी अस्पताल संचालक रविन भड़ाना और उनके भतीजे आकाश के घर पर नौ नकाबपोश बदमाशों ने हमला बोला था। बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थीं, जिससे घर की दीवारों और गेट पर गोलियों के गहरे निशान बन गए थे। यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की थी।
सीओ कोतवाली अभिषेक पटेल ने बताया कि रविवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली थी कि जुर्रानपुर फायरिंग कांड में शामिल कुछ बदमाश बिना नंबर की बाइक से चिन्दौड़ी पुलिया की ओर आने वाले हैं। इस सूचना पर लोहियानगर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आते दिखाई देने पर पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अमन ओबराय के पैर में गोली लग गई और वह गिर पड़ा, जबकि उसके दूसरे साथी नवीन उपाध्याय को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने पुलिस पूछताछ के दौरान अपने नाम अमन ओबराय, निवासी कमला नगर, बागपत रोड है व नवीन उपाध्याय, निवासी दायमपुर बताये। अमन ओबराय के खिलाफ पूर्व मे ही 4 व नवीन उपाध्याय के खिलाफ 2 मुकदमे दर्ज है। मुठभेड़ के दौरान अमन ओबराय पैर मे गोली लगने पर घायल हुआ है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल, एक पिस्टल, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।
सीओ अभिषेक पटेल ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में बदमाशों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों के ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल बाकी सात फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अस्पताल संचालक के परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

