आज मंगलवार की सुबह झालू रसूलपुर आबाद मार्ग पर स्थित एक निर्माणाधीन मकान मे अज्ञात युवक का शव पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। शव की स्थिति काफी खराब थी और दुर्गंध उठ रही थी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर सफलता नही मिल सकी। मौके पर पहुँची फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किये है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झालू से गाँव रसूलपुर आबाद को जोड़ने वाले मार्ग पर कब्रिस्तान के पीछे एक अर्धनिर्मित मकान स्थित है। आज मंगलवार की सुबह रॉयल बैंक्वेट हाल के पास स्थित इस मकान के पास से गुजर रहे कुछ स्थानीय निवासियों ने दुर्गंध आने पर इधर उधर तलाश शुरू की। तलाश करने पर मकान मे बनी सीढीयो के नीचे एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और सड़ चुका था। शव मिलने का पता लगते ही मौके पर स्थानीय निवासियो की भीड़ जुट गयी।
सूचना पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरिक्षण किया। पुलिस को शव के पास से खाली इंजेक्शन सीरिंज और शराब की खाली बोतल के साथ ही प्लास्टिक गिलास भी बरामद हुए है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाये है।
पुलिस ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया मगर सफलता नही मिल सकी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट के आधार पर युवक की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष हल्दौर किशन अवतार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। मृत्यु के वास्तविक कारणों और समय का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस कानूनी कार्यवाही में जुटी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
.png)
