हस्तिनापुर/जिला मेरठ - हमले के आरोपियो पर कार्रवाई न होने पर भड़का युवक, थाना परिसर मे ही किया आत्मदाह का प्रयास - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जून 10, 2026

हस्तिनापुर/जिला मेरठ - हमले के आरोपियो पर कार्रवाई न होने पर भड़का युवक, थाना परिसर मे ही किया आत्मदाह का प्रयास

https://newsindia17.com/meerut-hastinapur-youth-attempts-self-immolation-inside-police-station-over-inaction/

जिला मेरठ के हस्तिनापुर थाने से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट एक युवक ने थाने परिसर मे आत्मदाह करने का प्रयास किया। युवक द्वारा खुद पर तेल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किये जाने पर थाना परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी के चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी का निवासी कुलदीप कल मंगलवार की देर शाम अचानक ही थाने पहुँचा और पुलिस पर लापरवाही व आरोपियो को संरक्षण दिए जाने के गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुलदीप के हाथ मे तेल से भरी एक बोतल भी थी। इसी हंगामे के दौरान कुलदीप ने बोतल खोलकर उसमे भरा तेल खुद पर उड़ेल लिया और खुद को आग लगाने का भी प्रयास किया। इस हरकत को देख मौके पर मौजूद रहे पुलिसकर्मियो ने तत्परता का परिचय देते हुए आगे बढ़कर कुलदीप को दबोच लिया और उसके हाथ से माचिस छीन ली।


पीड़ित कुलदीप का आरोप है कि कुछ दिनों पूर्व दबंगो द्वारा किये गए जानलेवा हमले मे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस घटना के बाद उसने पुलिस को दी गयी तहरीर मे आरोपियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई थी। आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी कुलदीप द्वारा दी गयी नामजद तहरीर पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की है। कुलदीप का कहना है कि वह थाने के चक्कर काट काटकर थक चुका है और इसीलिए उसे ये कदम उठाना पड़ा।


घटना के बाद मौके पर पहुंचे उच्च अधिकारियो ने कुलदीप को शांत कराया और उचित कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया। क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि कुलदीप द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाल रही है।


पुलिस प्रशासन ने पीड़ित को आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल थाने में आत्मदाह के प्रयास के बाद से स्थानीय पुलिस अलर्ट पर है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या