जिला रामपुर के खजुरिया थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। पुरानी बीमारी और मानसिक तनाव से ग्रस्त थाना क्षेत्र के गाँव महतोष निवासी एक युवक ने मौत को गले लगा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे गाँव मे कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सोमवार की दोपहर थाना क्षेत्र के गाँव महतोष निवासी अंकित मौर्य आयु 23 वर्ष पुत्र बुद्धसेन मौर्य उर्फ़ बुद्धा ने घर के एक कमरे मे फांसी के फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर ली। फांसी के फंदे पर झूलता अंकित का शव देखकर परिजनो के पैरो तले जमीन खिसक गयी। परिजनों की चीख पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणो की भारी भीड़ जुट गयी।
गाँव के चौकीदार राममनोहर द्वारा घटना की सूचना दिए जाने पर खजुरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर अपने कब्जे मे ले लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया।
रोते-बिलखते परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकित पिछले काफी समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था, उसे बार-बार दौरे पड़ते थे। परिवार ने अपनी हैसियत के हिसाब से उसका काफी इलाज कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा था। इस बीमारी के चलते वह कोई कामकाज या मेहनत-मजदूरी भी नहीं कर पाता था। शारीरिक कष्ट और आर्थिक लाचारी से परेशान होकर आखिरकार उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
अंकित अविवाहित था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा दो बहनें और एक छोटा भाई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।थानाध्यक्ष खजुरिया पंकज पंत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

