हयातनगर/जिला सम्भल - दहेज में बोलेरो कार की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को फांसी पर लटकाने का प्रयास, देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मई 22, 2026

हयातनगर/जिला सम्भल - दहेज में बोलेरो कार की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को फांसी पर लटकाने का प्रयास, देवर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप, मुकदमा दर्ज

newsindia17.com/sambhal-hayatnagar-dowry-harassment-case-registered

जिला सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट कर जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंद कर फांसी पर लटकाने का भी प्रयास किया। यही नही विवाहिता ने अपने देवर पर अश्लील हरकतें करने और दुष्कर्म के प्रयास का भी संगीन आरोप मढ़ा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।


पीड़िता ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि उसका विवाह 4 वर्ष पूर्व बनियाठेर थाना क्षेत्र के अशोकनगर निवासी रोहताश के साथ हुआ था। शादी के समय उसके परिजनो ने अपनी हैसियत के मुताबिक लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के कीमती आभूषण और तमाम घरेलू सामान देकर उसे विदा किया था। आरोप है कि लालची ससुराल वाले इस सबके बाद भी खुश नही थे और कुछ समय बाद ही दहेज की मांग करते हुए उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।


आरोप है कि पति रोहताश, ससुर रामवीर सिंह और सास शोभा ने दहेज मे 'बोलेरो' कार की मांग करते हुए विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर ससुराल वालो ने विवाहिता को आये दिन बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया और अंत मे एक जोड़ी कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में अपने देवर विश्वास पर भी बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का  कहना है कि अकेला पाकर देवर उसके साथ अश्लील हरकतें करता था दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया।


देवर की इस घिनौनी करतूत का कड़ा विरोध करने पर ससुराल वाले भड़क गए। आरोप है कि पति, सास और देवर ने मिलकर विवाहिता को एक कमरे में बंद कर दिया और उसके ही दुपट्टे का फाँसी का फंदा बनाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। गनीमत रही कि महिला की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर दौड़ पड़े और समय रहते उसकी जान बच गई।


थाना प्रभारी हयातनगर  संजीव कुमार बालियान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर और एसपी के निर्देश पर आरोपी पति रोहताश, ससुर रामवीर सिंह, सास शोभा और देवर विश्वास के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं, जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या