नहटौर/जिला बिजनौर - भाकियू (टिकैत) ने श्रद्धाभाव के साथ मनाई बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 15वी पुण्यतिथि, लिया किसान हित का संकल्प - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, मई 15, 2026

नहटौर/जिला बिजनौर - भाकियू (टिकैत) ने श्रद्धाभाव के साथ मनाई बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 15वी पुण्यतिथि, लिया किसान हित का संकल्प

https://newsindia17.com/bijnor-nahtaur-bku-celebrated-baba-mahendra-singh-tikait-15th-death-anniversary/

समाचार सुनने के लिए क्लिक करे।

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू-टिकैत) के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने आज शुक्रवार को संगठन के संस्थापक और किसानों के मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 15वीं पुण्यतिथि अत्यंत श्रद्धाभाव और आदर के साथ मनाई। इस अवसर पर नहटौर ब्लॉक परिसर में एक भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के तमाम किसानों ने आहुति देकर अपने नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


दोपहर लगभग दो बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बाबा टिकैत की स्मृति को चिरस्थायी बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान ब्लॉक परिसर में फलदार व छायादार पौधे, विशेषकर आम और पीलखण के पौधे रोपे गए। उपस्थित पदाधिकारियों ने इन पौधों की देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।


श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए भाकियू नेताओं ने बाबा महेंद्र सिंह टिकैत के जीवन और उनके ऐतिहासिक आंदोलनों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा टिकैत ने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया। वे केवल एक नेता नहीं, बल्कि देश के अन्नदाताओं की आवाज थे। पुण्यतिथि के इस मौके पर सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर किसान हित में निस्वार्थ भाव से कार्य करने और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की शपथ ली।


इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रवक्ता राजेंद्र सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष विकास कुमार, पूर्व युवा ब्लॉक अध्यक्ष पुनीत तुषियर, जिला संरक्षक महेंद्र सिंह व विजयपाल सिंह, तथा पूर्व नगर अध्यक्ष दिलशाद अहमद व रिंकू राठी सहित भारी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसके अलावा विमल कुमार, सुनील कुमार, नौवहार सिंह, जैनेन्द्र सिंह, गोलू, ऋषांत, सरदार बलजीत सिंह, नौशाद, इताअत हुसैन, पंडित अमर शर्मा और संजीव प्रधान ने भी यज्ञ में आहुति देकर बाबा टिकैत को नमन किया।

free counter
अभी तक पाठक संख्या